श्रीराधा-कृष्ण मंदिर बदरवास में “श्रीकृष्ण पर्व” का भव्य आयोजन, भजनों और नृत्य-नाटिका से गुंजायमान हुआ प्रांगण - Shivpuri



संस्कृति विभाग और श्रीकृष्ण पाथेय के तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां


शिवपुरी - मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग एवं श्रीकृष्ण पाथेय द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, लीलाओं एवं उनके लोकमंगलकारी संदेशों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से शुकवार की रात्रि को बदरवास स्थित श्रीराधा-कृष्ण मंदिर में “श्रीकृष्ण पर्व” का गरिमामय आयोजन किया गया कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, माखन चोरी, कालिया दमन और महारास के प्रसंगों को जीवंत कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस से सराबोर किया गया।


अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कलाकारों का किया स्वागत

समारोह के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि कोलारस विधायक महेंद्र यादव, एडीएम दिनेश शुक्ला, एसडीएम व नोडल अधिकारी शिवदयाल धाकड़, तहसीलदार, नगर पंचायत उपाध्यक्ष भूपेंद्र यादव एवं कल्याण सिंह यादव ने भगवान श्रीकृष्ण के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन किया। 

तत्पश्चात अतिथियों द्वारा बाहर से पधारे कलाकारों का पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीना स्वागत किया गया।


नृत्य-नाटिका में जीवंत हुई श्रीकृष्ण की बाल लीलाएँ और महारास

सांस्कृतिक संध्या में भोपाल की सुश्री दीक्षा अस्थाना एवं साथी कलाकारों द्वारा श्रीकृष्ण केंद्रित नृत्य-नाटिका का मंचन किया गया। कृष्ण वंदना से शुरू हुई इस प्रस्तुति में कलाकारों ने अपनी भावपूर्ण नृत्य मुद्राओं और संगीत के माध्यम से श्रीकृष्ण जन्म, नटखट माखन चोरी लीला, कालिया दमन तथा होली नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियां दीं। पुष्पवर्षा के बीच आयोजित महारास की दिव्य प्रस्तुति के साथ नृत्य-नाटिका का समापन हुआ, जिसने दर्शकों को आध्यात्मिक अनुभूति से भर दिया।


भजन संध्या में गूंजीं कृष्ण भक्ति की स्वर-लहरियाँ

समारोह के अंतिम सत्र में जबलपुर के सुश्री मनीष अग्रवाल एवं साथी कलाकारों ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दीं। ‘अच्युतम केशवम्’ से शुरुआत करते हुए उन्होंने ‘गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो’, ‘मेरे तो गिरधर गोपाल’, ‘यशोमती मैया से बोले नंदलाला’, ‘श्याम तेरी बंसी पुकारे’ तथा ‘राधे-राधे’ जैसे प्रसिद्ध भजनों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।


कार्यक्रम संचालन एवं आभार प्रदर्शन

कार्यक्रम का सफल समन्वयन, संयोजन व मंच संचालन आशुतोष शर्मा ‘ओज’ द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम के अंत में श्री श्याम बिहारी सरल द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों, कलाकारों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया।


सिद्धेश्वर मंदिर प्रांगण में ध्रुपद शैली में आयोजित हुई ‘‘श्रीकृष्ण भजन संध्या’’

इसी श्रृंखला में श्रीकृष्ण पाथेय न्यास, संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन शिवपुरी के संयुक्त तत्वाधान में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के पावन अवसर पर ‘‘श्रीकृष्ण भजन संध्या’’ का विशेष आयोजन शुक्रवार की सायं स्थानीय श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण शिवपुरी में किया गया। 


इस भजन संध्या का मुख्य आकर्षण शास्त्रीय संगीत की समृद्ध ध्रुपद शैली रही


कार्यक्रम में ग्वालियर के प्रख्यात कलाकार यखलेश बघेल, सुश्री योगिनी ताम्बे एवं तेजस भाटे द्वारा ध्रुपद शैली में भगवान श्रीकृष्ण की स्तुति और भजनों की अत्यंत मनमोहक व भावपूर्ण प्रस्तुतियां दी गईं कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ विजय राज, डिप्टी कलेक्टर अनूप श्रीवास्तव शामिल हुए और कलाकारों का स्वागत किया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म