28 सवारी ऑटो रिक्शा की जांच, दस्तावेजों और नियमों में कमियां मिलने पर की गई कार्रवाई
शिवपुरी। जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान जांच के लिए रोके गए 28 सवारी ऑटो रिक्शा में से 12 को दस्तावेजों एवं नियमों से संबंधित कमियां पाए जाने पर जब्त कर परिवहन कार्यालय परिसर में खड़ा कराया गया।
कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिला परिवहन अधिकारी रंजना सिंह कुशवाह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान परिवहन उपनिरीक्षक प्रवीण डावर एवं विभागीय टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर वाहनों की जांच की।
जांच के दौरान ऑटो रिक्शा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की गई। साथ ही वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की गई। इस दौरान नियमों में कमियां मिलने पर 12 ऑटो रिक्शा जब्त कर परिवहन कार्यालय परिसर में रखवाए गए।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने ऑटो रिक्शा चालकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, वाहनों की फिटनेस सुनिश्चित करें और निर्धारित परिवहन नियमों का पालन करें।
Tags
Shivpuri