शिवपुरी में अंडर-18 बालिका हॉकी फीडर सेंटर प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, पहले दिन ग्वालियर और सिवनी ने दर्ज की शानदार जीत - Shivpuri




शिवपुरी - श्रीमंत माधवराव सिंधिया जिला खेल परिसर के हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान पर राजामाता विजयाराजे सिंधिया जी की स्मृति में द्वितीय कैप्टन राजमाता विजयाराजे सिंधिया सेंटर फॉर डेवलपमेंट (म.प्र.) के तत्वाधान में राज्य स्तरीय हॉकी फीडर सेंटर अंडर-18 बालिका हॉकी खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। इस तीन दिवसीय (29 से 31 अक्टूबर 2026) प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने और जिले, प्रदेश के साथ-साथ राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हुए प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की और 08 जिलों से आई टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश के 29 जिलों में संचालित हॉकी फीडर सेंटर के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता में शिवपुरी, सिवनी, खरगौन, रायसेन, ग्वालियर, गुना, सागर और रतलाम सहित कुल 08 जिलों की बालिका टीमें सहभागिता कर रही हैं। यह मुकाबले खेल परिसर के एस्ट्रोटर्फ मैदान पर स्थापित फ्लड लाइट में लीग पद्धति के आधार पर डे/नाइट में खेले जा रहे हैं, जिसमें प्रत्येक टीम को 3-3 मैच खेलने का अवसर मिल रहा है।
प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए प्रारंभिक मैचों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहला मैच खरगौन और ग्वालियर के बीच खेला गया, जिसमें ग्वालियर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खरगौन को 8-0 से पराजित किया। वहीं, दूसरा मैच सिवनी और रतलाम के बीच खेला गया, जिसमें सिवनी ने रतलाम को 11-0 के बड़े अंतर से हराकर मुकाबला अपने नाम किया। इस दौरान एशिया कप में खेल चुकी खिलाड़ी नौसीन खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 गोल दागे।

जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी डॉ. के.के. खरे ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से बालिका खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने और उसे निखारने के सुनहरे अवसर प्राप्त होते हैं। कार्यक्रम का कुशल संचालन कमल सिंह बाथम उर्फ शैरा द्वारा किया गया।

उद्घाटन समारोह के दौरान मप्र राज्य महिला क्रिकेट अकादमी के प्रशिक्षक अरुण कुमार सिंह सहित विभिन्न जिलों से आए प्रशिक्षक श्रीमती गीता लखेरा, शैलेन्द्र बुन्देला, सूरज भान (गुना), नफीज खान (सागर), अक्षय अवस्थी (ग्वालियर), फैजल खान (सिवनी), कृष्णगोपाल (रतलाम), स्वाति (खरगौन), गिरीश मिश्रा मामा, राजेन्द्र शिवहरे, कप्तान सिंह, राहुल नरवरिया तथा खेल विभाग के कर्मचारी एवं वरिष्ठ खिलाड़ी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता, उपविजेता तथा तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीमों व खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल से पुरस्कृत किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म