38 वाहनों की जांच में 38 हजार रुपये का जुर्माना, मालवाहक, यात्री और स्कूल वाहन भी जांचे गए
शिवपुरी। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जिला परिवहन विभाग ने शहर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार तथा जिला परिवहन अधिकारी रंजना सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के दौरान कुल 38 वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 11 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई, जबकि एक वाहन जब्त किया गया।
परिवहन उपनिरीक्षक प्रवीण डावर के नेतृत्व में विभागीय दल ने जांच के दौरान मालवाहक, यात्री और स्कूल वाहनों के दस्तावेजों सहित आवश्यक मानकों की पड़ताल की। कार्रवाई के दौरान छह मालवाहक वाहन, दो यात्री वाहन और तीन स्कूल वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। इन सभी 11 वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
विभाग के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुल 38 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, गंभीर अनियमितता पाए जाने पर एक वाहन को जब्त कर विभागीय अभिरक्षा में लिया गया।
नियमों का पालन करने की अपील
परिवहन विभाग ने वाहन चालकों और स्कूल संचालकों से वाहनों के आवश्यक दस्तावेज वैध रखने तथा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है। विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी।
इस अभियान के तहत विशेष रूप से मालवाहक, यात्री और स्कूली वाहनों की जांच पर ध्यान दिया गया, ताकि नियमों के अनुरूप वाहन संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
Tags
Shivpuri