फायरिंग और जानलेवा हमले के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार - Shivpuri


प्रत्येक आरोपी पर घोषित था 2 हजार रुपये का इनाम, पूर्व में चार आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल

शिवपुरी। जिले के नरवर तहसील क्षेत्र की मगरौनी चौकी पुलिस ने फायरिंग और जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर 2-2 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना 16 अगस्त 2026 को ग्राम खोड़ बावड़ी में हुई थी। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने फरियादी देशराज गुर्जर के घर पर हमला किया था। इस दौरान जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने और लाठी-डंडों से मारपीट करने के आरोप लगाए गए थे। घटना के बाद से ही संबंधित आरोपी फरार चल रहे थे।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी अरुण प्रताप भदौरिया और मगरौनी चौकी प्रभारी अभिमन्यु सिंह राजावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम गढ़ोली में दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फरार इनामी आरोपी लवकुश गुर्जर (32) और रामकुमार उर्फ टिल्लू गुर्जर (25) को गिरफ्तार कर लिया।

मामले में पहले भी चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, इस प्रकरण में इससे पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म