आलू से भरा ट्रक सड़क किनारे पलटा, परमजीत होटल के पास हुआ हादसा, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
शिवपुरी। शहर के बायपास रोड पर शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। परमजीत होटल के पास आलू से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने मैसी ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर सवार 28 वर्षीय शैलेन्द्र गुर्जर की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गौरव गुर्जर और कालू गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फसल काटने गुना जा रहे थे तीनों युवक
जानकारी के अनुसार, ग्वालियर के पृथ्वीसिंह का पुरा, तिघरा निवासी शैलेन्द्र गुर्जर अपने साथी गौरव गुर्जर और कालू गुर्जर के साथ मैसी ट्रैक्टर पर सवार होकर फसल काटने के लिए गुना जा रहे थे। इसी दौरान शिवपुरी बायपास पर परमजीत होटल के पास पीछे से आ रहे आलू से भरे ट्रक क्रमांक RJ 11 GC 4166 ने उनके ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी।
मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को शिवपुरी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शैलेन्द्र गुर्जर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल गौरव और कालू का अस्पताल में उपचार जारी है।
ट्रक जब्त, चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रविवार दोपहर मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। वहीं, सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है।
Tags
Shivpuri