एसडीओपी और थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश, लंबित मामलों का करें निराकरण, अवैध नशे, जुआ-सट्टा और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के आदेश
शिवपुरी - जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने, कानून व्यवस्था बनाए रखने और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने पुलिस कंट्रोल रूम शिवपुरी में क्राइम मीटिंग ली। 29 जून 2026 को आयोजित इस बैठक में जिले के समस्त एसडीओपी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में अपराधों की समीक्षा कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गंभीर अपराधों में गिरफ्तारी और लंबित मामलों के निराकरण पर जोर
पुलिस अधीक्षक ने चिन्हित एवं गंभीर अपराधों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और लंबित अपराधों व चालानों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेने, पीड़िताओं को तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने पर भी जोर दिया।
जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का होगा निराकरण
बैठक में जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेकर फरियादियों को उचित पुलिस सहायता देने के निर्देश दिए गए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
नशे, जुआ और सट्टे के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्मैक, गांजा, जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा हिस्ट्रीशीटर, गुंडा-बदमाश और जिला बदर आरोपियों की नियमित चेकिंग करने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा गया।
वारंटियों की गिरफ्तारी और कॉम्बिंग गश्त पर विशेष जोर
बैठक में सभी थानों को एक साथ कॉम्बिंग गश्त करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान स्थाई वारंटियों, गिरफ्तारी वारंटियों, गुंडा-बदमाशों और जिला बदर आरोपियों की चेकिंग कर अधिक से अधिक वारंट तामील कराने को कहा गया। पुलिस को होटल और ढाबों की भी नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए।
त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी मुस्तैद
आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अवैधानिक रूप से संचालित होने वाले डीजे के विरुद्ध कार्रवाई कर उन्हें जब्त करने के निर्देश भी दिए गए।
महिला सुरक्षा, नाबालिगों की दस्तयाबी और एससी-एसटी मामलों पर निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने नाबालिग बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी सुनिश्चित करने तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से संबंधित लंबित प्रकरणों में तत्काल उचित वैधानिक कार्रवाई कर उनका निराकरण करने के निर्देश दिए।
साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर
बैठक में साइबर जागरूकता अभियान के तहत थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अपराध नियंत्रण, जनशिकायतों के निराकरण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
Tags
Shivpuri