कलेक्टर अर्पित वर्मा और एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने पुलिस परेड ग्राउंड में की पूजा, जिलेवासियों को दीं पर्व की शुभकामनाएं
शिवपुरी। विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को शिवपुरी के पुलिस परेड ग्राउंड में शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा और पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया। इस दौरान यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर जिले में शांति और समृद्धि की कामना की गई।
राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित कार्यक्रम में सनातन परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर अधिकारियों ने विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए जिलेवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है विजयादशमी
भारतीय संस्कृति में विजयादशमी का विशेष महत्व है। यह पर्व असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक माना जाता है। इसी परंपरा के तहत दशहरा पर्व पर शस्त्र पूजन किया जाता है। शिवपुरी में आयोजित कार्यक्रम में भी धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा की विभिन्न रस्में निभाई गईं।
प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर विजयादशमी के अवसर पर शासन और समाज की सहभागिता से शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शिवपुरी के पुलिस परेड ग्राउंड में भी कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Tags
Shivpuri