केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का तीन दिवसीय शिवपुरी दौरा 12 नवंबर से, विकास कार्यों की देंगे सौगात - Shivpuri



शिवपुरी, कोलारस और पिछोर में लोकार्पण-भूमिपूजन के साथ राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का करेंगे उद्घाटन, युवा संवाद और जनसंपर्क कार्यक्रमों में भी होंगे शामिल

शिवपुरी। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 12 से 14 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय शिवपुरी जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन, युवा संवाद, स्थानीय कार्यक्रम और जनसंपर्क बैठकें भी उनके दौरे का हिस्सा रहेंगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय मंत्री सिंधिया 11 नवंबर की रात्रि को शिवपुरी स्थित टूरिस्ट विलेज पहुंचेंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे।

12 नवंबर : राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन और कोलारस क्षेत्र में कार्यक्रम

12 नवंबर को सुबह श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेल एथलेटिक्स चैंपियनशिप (अंडर-17 बालक-बालिका) एवं अंडर-18 अंतर-जिला क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन करेंगे।

इसके बाद वे कोलारस के ग्राम सेसई सड़क में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। ग्राम भड़ौता में सिंध नदी पर पुल एवं सड़क निर्माण कार्य तथा सिंघरई माता मंदिर क्षेत्र में विभिन्न सड़क एवं विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे।

इसके बाद तहसील रन्नौद और ग्राम अजलेश्वर में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। ग्राम केलदार स्थित कपिल मुनि आश्रम में विभिन्न सड़क मार्गों का भूमिपूजन तथा बसई सब-स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। दिन के अंतिम कार्यक्रम में शिवपुरी के नक्षत्र गार्डन में युवा संवाद आयोजित होगा, जिसमें वे इन्फ्लुएंसर्स और परफॉर्मर्स के साथ चर्चा करेंगे।

13 नवंबर : फल मंडी का निरीक्षण और पिछोर क्षेत्र का दौरा

13 नवंबर को केंद्रीय मंत्री रॉबर्टसन रोड स्थित नवनिर्मित फल मंडी का निरीक्षण करेंगे और व्यापारियों से चर्चा करेंगे। इसके बाद कायाकल्प योजना के तहत अतिरिक्त सड़कों का भूमिपूजन तथा नगर पालिका के विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे।

इसके बाद ग्राम भौंती में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होकर पिछोर क्षेत्र का दौरा करेंगे। ग्राम खोड़ स्थित धाय महादेव मंदिर में दर्शन करने के बाद खोड़ एवं मनपुरा में आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

शिवपुरी लौटकर मेडिकल कॉलेज के पास प्रस्तावित रैन बसेरे का भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद नक्षत्र गार्डन में जिला कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होंगे। दिन के दौरान शहर के मनियर, महल कॉलोनी, ठंडी सड़क और सईसपुरा स्थित चिंताहरण मंदिर के पास भी उनके स्थानीय कार्यक्रम निर्धारित हैं।

14 नवंबर : माधो महाराज जयंती और कोलारस में विकास कार्यों की सौगात

दौरे के अंतिम दिन 14 नवंबर को सुबह केंद्रीय मंत्री माधव चौक पर आयोजित माधो महाराज जयंती कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद जनसंपर्क कार्यालय में जनसंपर्क करेंगे।

इसके पश्चात कोलारस पहुंचकर स्टेडियम तथा स्टेडियम से एसडीएम कार्यालय तक सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे। लोहदेवी मंदिर परिसर में टोंगरा सब-स्टेशन का लोकार्पण करने के साथ विभिन्न ग्रामीण सड़क मार्गों और पुल निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे।

तीन दिवसीय प्रवास के अंतिम कार्यक्रमों के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कोलारस से ग्वालियर के लिए रवाना होंगे।

केंद्रीय मंत्री के इस तीन दिवसीय दौरे में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल, विद्युत एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों पर विशेष जोर रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म