150 साल पुरानी समस्या का हुआ समाधान, मौजपुर में मुक्तिधाम की जमीन अतिक्रमण से मुक्त - Shivpuri

कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर प्रशासन की कार्रवाई, सीमांकन कर जेसीबी से हटवाया अतिक्रमण

शिवपुरी। जिले की जनपद पंचायत नरवर के ग्राम मौजपुर में ग्रामीणों की करीब 150 वर्षों पुरानी समस्या का आखिरकार समाधान हो गया। गांव में मुक्तिधाम के लिए निर्धारित शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को प्रशासन ने बुधवार को पुलिस बल की मौजूदगी में हटवा दिया। इसके बाद भूमि को मुक्तिधाम निर्माण के लिए ग्राम पंचायत के सुपुर्द कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत नरवर में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के दौरान ग्राम मौजपुर के ग्रामीणों ने कलेक्टर अर्पित वर्मा के समक्ष अपनी समस्या रखी थी। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लंबे समय से कोई अधिकृत मुक्तिधाम नहीं होने के कारण परिजनों के अंतिम संस्कार के लिए निजी खेतों का सहारा लेना पड़ रहा था।

ग्रामीणों ने शासकीय सर्वे नंबर 113/1 एवं 113/2 की कुल 0.07 हेक्टेयर भूमि को मुक्तिधाम निर्माण के लिए प्रस्तावित बताया, लेकिन इस भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण किए जाने के कारण निर्माण कार्य संभव नहीं हो पा रहा था।

कलेक्टर के निर्देश पर मौके पर पहुंचा प्रशासनिक अमला

ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा ने तहसीलदार नरवर विजय कुमार त्यागी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। बुधवार को तहसीलदार राजस्व अमले और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। यहां जरीब से शासकीय भूमि का सीमांकन कराया गया और चूने की लाइन डालकर सीमाएं निर्धारित की गईं।

इसके बाद जेसीबी मशीन से भूमि की चारों सीमाओं पर नींव खुदवाई गई और अतिक्रमण हटाकर जमीन को मुक्त कराया गया। प्रशासन ने मुक्त कराई गई भूमि विधिवत ग्राम पंचायत को सौंप दी है, जिससे अब यहां मुक्तिधाम निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

ग्रामीणों ने जताया प्रशासन का आभार

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से मौजपुर के ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिली है। ग्रामीणों ने मुक्तिधाम के लिए शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने पर कलेक्टर एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म