परिवहन विभाग का वाहन चेकिंग अभियान, 32 वाहनों की जांच कर 44,500 रुपये का जुर्माना वसूला, दो वाहन जब्त - Shivpuri


कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर हुई कार्रवाई, पिछोर थाने और खोड़ चौकी में सुरक्षित रखवाए गए जब्त वाहन

शिवपुरी। जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर अंकुश लगाने के लिए जिला परिवहन विभाग द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार वरिष्ठ जिला परिवहन अधिकारी रंजना सिंह कुशवाह एवं परिवहन उप निरीक्षक प्रवीण डाबर के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के दौरान 32 वाहनों की जांच की गई। अनियमितताएं पाए जाने पर 44 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क वसूलने के साथ दो वाहनों को जब्त किया गया।

वरिष्ठ जिला परिवहन अधिकारी रंजना सिंह कुशवाह ने बताया कि गत दिवस चलाए गए अभियान के दौरान विभिन्न मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान वाहनों के दस्तावेजों, परमिट एवं अन्य आवश्यक नियमों की जांच की गई। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 44 हजार 500 रुपये का राजस्व वसूल किया गया।

अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दो वाहनों को मौके पर ही जब्त किया गया। जब्त किए गए वाहनों में से एक को थाना पिछोर तथा दूसरे को खोड़ पुलिस चौकी परिसर में सुरक्षित रखवाया गया है।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वाहन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। बिना वैध दस्तावेजों, परमिट अथवा निर्धारित नियमों के विपरीत वाहन संचालित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म