सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर सख्त, नेशनल हाईवे के 35 स्थानों पर होगी प्रकाश व्यवस्था - Shivpuri



जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के निर्देश, क्षतिग्रस्त क्रैश बैरियर दुरुस्त होंगे और अस्थायी अतिक्रमण हटाए जाएंगे

शिवपुरी। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने संबंधित विभागों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गत दिवस कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में कलेक्टर ने नेशनल हाईवे पर क्रैश बैरियर की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। शिवपुरी-ग्वालियर मार्ग पर स्थापित क्रैश बैरियर का निरीक्षण कर अनावश्यक एवं क्षतिग्रस्त बैरियर को नियमानुसार हटाने तथा आवश्यक स्थानों पर उनकी मरम्मत कर निर्धारित मानकों के अनुसार पुनः स्थापित करने को कहा गया। इस संबंध में एनएचएआई के रेजिडेंट इंजीनियर झांसी-शिवपुरी रोड के श्री सिन्हा को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

35 स्थानों पर होगी प्रकाश व्यवस्था

नेशनल हाईवे के चिन्हित 35 स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एमपीईबी को संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र एस्टीमेट उपलब्ध कराने तथा लंबित कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य रात के समय होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।

नेत्र परीक्षण शिविरों के लिए लगेंगे सूचना बोर्ड

बैठक में जिला परिवहन अधिकारी को नेत्र परीक्षण शिविरों एवं अन्य जनहितकारी शिविरों की जानकारी देने वाले सूचना बोर्ड निर्धारित स्थानों पर लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि वाहन चालकों और आम नागरिकों को इन सुविधाओं की जानकारी मिल सके।

सड़क किनारे से हटेंगे अस्थायी अतिक्रमण

सड़क मार्गों एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमणों को लेकर भी कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया। सर्वोच्च न्यायालय के स्वतः संज्ञान प्रकरण में जारी आदेशों के अनुपालन में गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स को अतिक्रमण चिन्हित कर नियमानुसार हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा के उपायों पर गंभीरता से काम करने और निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई पूरी करने पर जोर दिया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म