कलेक्टर अर्पित वर्मा की कार्रवाई, आनंद कुशवाह, अजयपाल यादव और पुष्पेंद्र सिंह को जिला सीमा से बाहर रहने के निर्देश; दो अन्य अपराधियों की पुलिस निगरानी तय
शिवपुरी। जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने पांच आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। इनमें तीन अपराधियों को छह माह के लिए जिलाबदर किया गया है, जबकि दो अन्य को आगामी तीन माह तक संबंधित पुलिस थानों में साप्ताहिक उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
तीन अपराधियों को छह माह के लिए किया जिलाबदर
जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुसार दिनारा थाना क्षेत्र के ग्राम डामरौनकलां निवासी आनंद कुशवाह पुत्र हनुमंत कुशवाह, खनियाधाना थाना क्षेत्र के ग्राम सिलपुरा निवासी अजयपाल उर्फ मुंशी यादव तथा करैरा निवासी अल्ले उर्फ पुष्पेंद्र सिंह पुत्र लाखन सिंह चौहान को छह माह के लिए जिलाबदर किया गया है।
तीनों अपराधियों को शिवपुरी जिले के साथ-साथ आसपास के ग्वालियर, अशोकनगर, श्योपुर, मुरैना, दतिया और गुना जिलों की सीमाओं से भी बाहर रहने के आदेश दिए गए हैं।
दो अपराधियों को हर सोमवार थाने में देनी होगी हाजिरी
इसी कार्रवाई के तहत पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम पारेश्वर निवासी सुनील जाटव पुत्र झुक्का जाटव और बदरवास थाना क्षेत्र के ग्राम आमखेड़ा निवासी राजू सपेरा पुत्र जयसिंह सपेरा को तीन माह तक पुलिस निगरानी में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश के मुताबिक सुनील जाटव को प्रत्येक सोमवार थाना प्रभारी पिछोर के समक्ष तथा राजू सपेरा को प्रत्येक सोमवार थाना देहात शिवपुरी में उपस्थित होकर अपनी गतिविधियों की जानकारी देनी होगी।
लोकशांति भंग होने की आशंका पर कार्रवाई
प्रशासन के अनुसार संबंधित व्यक्तियों की आपराधिक गतिविधियों से क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित होने और भविष्य में गंभीर घटना की आशंका को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने प्रतिबंधात्मक प्रावधानों के तहत आदेश जारी किए हैं।
Tags
Shivpuri