कोलारस वृत्त में आबकारी विभाग की दबिश, 65.5 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार - Kolaras


बदरवास के रैंझागढ़ गांव में कार्रवाई, जब्त शराब की कीमत करीब 25 हजार रुपये

कोलारस। शिवपुरी जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को कोलारस वृत्त की टीम ने बदरवास क्षेत्र के ग्राम रैंझागढ़ में दबिश देकर 65.5 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा तथा आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। कोलारस वृत्त प्रभारी बृजराज शर्मा को मिली मुखबिर की सूचना के आधार पर टीम ने रैंझागढ़ गांव में छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान टीम ने देशी मदिरा प्लेन, मसाला और विदेशी मदिरा बीयर सहित कुल 65.5 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।

मामले में आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी राजीव पुत्र दिनेश यादव (21 वर्ष), निवासी रैंझागढ़ को गिरफ्तार किया गया। विभाग के अनुसार आरोपी को विधिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है।

कार्रवाई में वृत्त प्रभारी बृजराज शर्मा के साथ आबकारी उपनिरीक्षक राहुल गुप्ता, लोकेश बेवारिया, आबकारी बल एवं होमगार्ड के जवान शामिल रहे। आबकारी विभाग ने अवैध शराब के भंडारण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म