नवोदय विद्यालय संगठन की टीम को पराजित कर हासिल की उपलब्धि, शिवपुरी लौटने पर विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत
शिवपुरी। सरस्वती विद्यापीठ आवासीय विद्यालय, शिवपुरी के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं विद्या भारती परिवार को गौरवान्वित किया है। उमरिया (मध्यप्रदेश) में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय शालेय हैंडबॉल चैंपियनशिप में विद्या भारती का प्रतिनिधित्व करते हुए विद्यालय की अंडर-14 हैंडबॉल टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कांस्य पदक अर्जित किया। प्रतियोगिता में देशभर की 38 टीमों ने सहभागिता की। कड़े मुकाबलों के बीच सरस्वती विद्यापीठ की टीम ने नवोदय विद्यालय संगठन की टीम को पराजित कर यह उपलब्धि हासिल की।
राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर शिवपुरी लौटे खिलाड़ियों का सरस्वती विद्यापीठ आवासीय विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर फतेहपुर चौराहे से विद्यालय तक स्वागत यात्रा निकाली गई। विद्यार्थियों ने विजेता खिलाड़ियों को मालाएँ पहनाकर एवं पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ निकली स्वागत यात्रा ने पूरे वातावरण को उत्साह, उल्लास एवं गौरव से भर दिया।
स्वागत समारोह में विद्यालय के प्रबंधक पवन शर्मा, सह प्रबंधक जितेंद्र परसाई, प्राचार्य लोकेंद्र सिंह मेवाड़ा, सेवानिवृत्त जिला खेल अधिकारी महेंद्र सिंह तोमर, जिला खेल अधिकारी के.के. खरे, चंद्रशेखर वेमटे, हैंडबॉल के राष्ट्रीय रेफरी यादवेंद्र सिंह चौधरी एवं शिवपुरी ब्लॉक खेल संयोजक विवेक वर्धन शर्मा सहित खेल विभाग के अधिकारी, खेल शिक्षक, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके कर्मठ एवं समर्पित प्रशिक्षक शिवनाथ सिंह बैस (छोटू कोच साहब) को भी बधाई दी। अतिथियों ने विद्यालय में खेलों के प्रति अनुकूल वातावरण, बेहतर खेल प्रबंधन एवं खिलाड़ियों को उपलब्ध कराए जा रहे गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
इसी क्रम में विद्या भारती के शिवपुरी विभाग खेल संयोजक लोकेंद्र सिंह कौरव एवं विद्यालय के खेल आचार्य रोशन पाठक सहित जिला शिक्षा विभाग एवं विद्या भारती के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का स्वागत एवं सम्मान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक पवन शर्मा ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त करना संपूर्ण खेल समाज एवं विद्यालय परिवार के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। यह सफलता विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत, अनुशासन, समर्पण, खेल के प्रति निष्ठा एवं उत्कृष्ट टीम भावना का सुखद परिणाम है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
खेलों से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सहयोग, अनुशासन एवं विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करने की भावना विकसित होती है। विद्यालय सदैव विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है।
अंत में विद्यालय परिवार ने टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षक एवं मैनेजर को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी तथा विश्वास व्यक्त किया कि खिलाड़ी भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे और सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
Tags
Shivpuri