तबादले के चार दिन बाद IPS अनुराग सुजानिया का इस्तीफा, पुलिस महकमे से लेकर राजनीतिज्ञ लोगों में मची ख़लबली - MP News

जहरीली शराब कांड के बाद सागर SP पद से हटाकर PHQ भोपाल भेजे गए थे, व्यक्तिगत कारणों का हवाला देकर सरकार को सौंपा त्यागपत्र

भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस महकमे से एक बड़ी खबर सामने आई है। सागर के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (SP) और आईपीएस अधिकारी अनुराग सुजानिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए 2 नवंबर को राज्य सरकार को अपना त्यागपत्र सौंपा। खास बात यह है कि सागर से तबादले के महज चार दिन बाद ही उन्होंने पुलिस सेवा छोड़ने का फैसला किया है।

जानकारी के अनुसार, अनुराग सुजानिया का हाल ही में सागर एसपी पद से तबादला कर पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) के पद पर किया गया था। हालांकि, नई जिम्मेदारी संभालने से पहले ही उन्होंने सेवा से अलग होने का निर्णय लेते हुए सरकार को इस्तीफा भेज दिया।

जहरीली शराब कांड के बाद हटाए गए थे एसपी

अनुराग सुजानिया उस समय चर्चा में आए थे, जब सागर जिले के बांदा में जहरीली शराब पीने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद प्रदेशभर में हड़कंप मच गया था। अवैध शराब के कारोबार और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठे थे।

घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए अनुराग सुजानिया को सागर एसपी के पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल में एआईजी के पद पर पदस्थ किया गया था।

इस्तीफे के कारणों पर सस्पेंस

तबादले के महज चार दिन बाद इस्तीफा सौंपे जाने से पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, अधिकारी ने अपने त्यागपत्र में व्यक्तिगत कारणों का उल्लेख किया है। इस्तीफे के पीछे किसी अन्य वजह की फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अब निगाहें राज्य सरकार के फैसले पर टिकी हैं। देखना होगा कि सरकार आईपीएस अधिकारी के इस्तीफे को स्वीकार करती है या इस संबंध में कोई अन्य प्रशासनिक प्रक्रिया अपनाई जाती है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म