कोलारस ITI में भव्य कौशल दीक्षांत समारोह आयोजित, प्रशिक्षण पूरा करने वाले छात्र-छात्राओं को वितरित किए प्रमाण पत्र
कोलारस। स्थानीय शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) में भव्य कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह में विभिन्न ट्रेडों में सफलतापूर्वक तकनीकी प्रशिक्षण पूरा करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला शिक्षा प्रकोष्ठ के सहसंयोजक ओ.पी. भार्गव, विशिष्ट अतिथि ठाकुर उदय राणा एवं संस्थान के प्राचार्य वीरेन्द्र कुमार शाक्य ने मां सरस्वती के चित्र पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान प्राचार्य वीरेन्द्र कुमार शाक्य, ध्रुवसिंह मौर्य, निशिकांत कोली एवं सौरभ गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया।
हुनर और तकनीकी शिक्षा से आत्मनिर्भर बनेंगे युवा
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ओ.पी. भार्गव ने कहा कि कौशल दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण अवसर है। मेहनत, लगन और अनुशासन से प्राप्त यह प्रमाण पत्र केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि तकनीकी दक्षता और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसमें विद्यार्थियों के साथ उनके शिक्षकों और माता-पिता का भी योगदान शामिल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आईटीआई के विद्यार्थियों के महत्व को रेखांकित कर चुके हैं। आईटीआई से प्राप्त व्यावहारिक ज्ञान और तकनीकी हुनर युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में सहायक है। सरकार द्वारा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न स्वरोजगार योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
भार्गव ने कहा कि क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय संचार मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया भी क्षेत्र में उद्योग-फैक्ट्रियां स्थापित कराने और संचार विभाग के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
तकनीकी शिक्षा राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय तकनीकी शिक्षा और कौशल का युग है। आईटीआई में प्राप्त व्यावहारिक ज्ञान और हुनर युवाओं को जीवनभर आत्मनिर्भर बनाने की क्षमता रखता है। विद्यार्थियों को अपने हुनर को अपनी ताकत बनाकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करने वाले शिक्षकों के योगदान की सराहना की। साथ ही कहा कि विनम्रता से ही योग्यता का वास्तविक महत्व और समाज का कल्याण संभव है।
अंत में उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए प्रेरक पंक्तियां कहीं—
"हम तो दरिया हैं, हमें अपना हुनर मालूम है,
जिस तरफ निकल पड़ेंगे, रास्ता हो जाएगा।"
इस अवसर पर ध्रुवसिंह मौर्य, निशिकांत कोली, शिवकुमार जाटव, सौरभ गुप्ता, राजेंद्र कुशवाह, सक्षम शर्मा, अर्चना मारकान, माया कुशवाह, पप्पन जाटव, राजेंद्र प्रथम सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Tags
Kolaras