स्वामित्व योजना में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, जीआरएस और सचिव पर कार्रवाई के निर्देश - Shivpuri

रातौर-पिपरसमा में मौके पर कराईं रजिस्ट्रियां, राजा की मुड़ेरी में धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी; सिरसौद में दिव्यांग बालक की मदद के लिए दिए निर्देश

शिवपुरी। जिले में स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने शिवपुरी तहसील की विभिन्न ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण कर योजना की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कहीं रजिस्ट्री की प्रक्रिया को मौके पर संपन्न कराया, तो कहीं काम में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम आनंद सिंह राजावत एवं तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

रातौर में 174 रजिस्ट्रियां पूर्ण, कलेक्टर की मौजूदगी में हुई रजिस्ट्री

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने ग्राम रातौर में स्वामित्व योजना के कार्यों का निरीक्षण किया। यहां अब तक 174 रजिस्ट्रियों का कार्य पूरा किया जा चुका है। उन्होंने ग्रामीणों को रजिस्ट्री और मालिकाना हक मिलने से होने वाले कानूनी लाभों की जानकारी दी। इस दौरान उनकी मौजूदगी में ग्रामीण सांतो पत्नी छिद्दा जाटव की रजिस्ट्री संपन्न कराई गई। इसमें रजिस्ट्री इनिशिएशन से लेकर भूमि स्वामी और गवाह के डिजिटल ई-साइन की प्रक्रिया पूरी की गई।

पिपरसमा में 150 रजिस्ट्रियां, कलेक्टर के सामने संपन्न हुई प्रक्रिया

ग्राम पंचायत पिपरसमा में निरीक्षण के दौरान सामने आया कि स्वामित्व योजना के तहत अब तक 150 रजिस्ट्रियां की जा चुकी हैं। कलेक्टर ने मौके पर ही रजिस्ट्री की प्रक्रिया का अवलोकन किया। इस दौरान ग्रामीण कल्लू पुत्र नकटू परिहार की रजिस्ट्री संपन्न कराई गई। भूमि स्वामी और गवाह के आधार आधारित डिजिटल ई-साइन की प्रक्रिया भी कलेक्टर की मौजूदगी में पूरी की गई।

राजा की मुड़ेरी में धीमी प्रगति पर नाराजगी, कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश

ग्राम पंचायत राजा की मुड़ेरी में स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री कार्य की धीमी प्रगति मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को काम में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। ई-केवाईसी कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ग्राम रोजगार सहायक और पंचायत सचिव के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पटवारी को प्रतिदिन पंचायत मुख्यालय पर उपस्थित रहने और अपनी लाइव लोकेशन भेजने के निर्देश भी दिए।

सिरसौद में गंदगी और कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर सख्ती

ग्राम पंचायत सिरसौद में निरीक्षण के दौरान जगह-जगह गंदगी मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने ग्राम रोजगार सहायक के लगातार अनुपस्थित रहने और शासकीय कार्यों में रुचि नहीं लेने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही जनपद सीईओ को गांव में विशेष शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण कराने को कहा।

दिव्यांग बालक को देखकर रुकवाया वाहन, सहायता के लिए विशेष कैंप के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर की संवेदनशीलता भी देखने को मिली। सिरसौद में रास्ते से गुजरते समय उनकी नजर एक दिव्यांग बालक पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और नीचे उतरकर बालक तथा उसके परिजनों से बातचीत की। उन्होंने बालक की पेंशन और ट्राईसाइकिल की आवश्यकता के संबंध में जानकारी ली।

कलेक्टर ने सामाजिक न्याय विभाग के उपसंचालक को सिरसौद में विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए, ताकि गांव के अन्य दिव्यांगजनों को भी आवश्यक सहायता और उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें तथा उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण हो सके।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां अच्छा कार्य हो रहा है, वहां प्रगति को आगे बढ़ाया जाए और जहां लापरवाही सामने आए, वहां जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म