प्रदेश सरकार द्वारा सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन 14 अगस्त 2018 को किया जा रहा है। समारोह के तहत सभी जिला मुख्यालयों पर समारोहपूर्वक सम्मान समारोह आयोजित किए जायेंगे। ग्वालियर में जिला स्तरीय सम्मान समारोह बाल भवन के सभागार में आयोजित होगा। कार्यक्रम में केन्द्रीय पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह, उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया के साथ ही नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। जिला स्तरीय सम्मान समारोह में महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा भुजवल सिंह यादव, विधायक श्री भारत सिंह कुशवाह, श्रीमती इमरती देवी, श्री लाखन सिंह के साथ ही ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी, साडा अध्यक्ष श्री राकेश जादौन, नगर निगम सभापति श्री राकेश माहौर अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। सम्मान समारोह में संभागीय आयुक्त श्री बी एम शर्मा, आईजी श्री अंशुमान यादव सहित सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।बाल भवन के सभागार में प्रात: 11 बजे से सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। समारोह में ग्वालियर जिले के 52 शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जायेगा। समारोह के तहत शॉल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान करने के साथ ही शासन स्तर से प्रदत्त किए जा रहे प्रमाण-पत्र भी वितरित किए जायेंगे।
Tags
ग्वालियर
