बदरवास- क्षेत्र के सुप्रसिध्द कथा वाचक आचार्य कृष्ण गोपाल महाराज द्वारा लिखी पुस्तक श्री राम कृष्ण पद पराग का विमोचन गत दिवस गुजरात के महुआ में चल रहे तुलसी अवॉर्ड समारोह में आधुनिक तुलसीदास श्री मुरारी बापू के कर कमलों से सम्पन्न हुआ।
आचार्य कृष्ण गोपाल महाराज को भारत के महान संत मुरारी बापू के आश्रम में चल रहे तुलसी अवॉर्ड समारोह में राम चरित मानस पर देशभर से आए धुरंधर विद्वानों के बीच अपने विचार व्यक्त करने का अवसर भी मिला जिसका लाइव प्रसारण आस्था चैनल पर हुआ।
क्षेत्र के गौरव आचार्य गोपाल महाराज ने मानस सागर (महाकाव्य), उर्मिला के आँसू (खंडकाव्य), पदावली, मेघदूतं, गीतानवनीत (अभिनव पद्धानुवाद), गंगालहरी सहित अनेक पुस्तकें लिखीं हैं जिनमें से कई रचनाओं का गीताप्रेस गोरखपुर से प्रकाशन हुआ है।
संत मुरारी बापू द्वारा विमोचित पुस्तक श्री राम कृष्ण चरित पद पराग आचार्य गोपाल महाराज द्वारा रचित पदों का संग्रह है जिसमें भगवत नाम महिमा, चेतावनी, रामकृष्ण चरित तथा देशभक्ति पर आधारित रचनाएं हैं।
बदरवास के गौरव गोपाल महाराज की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाईयां दे रहे हैं और भारत की आध्यात्मिक हस्ती संत मुरारी बापू के आँगन में बदरवास का प्रतिनिधित्व करने पर धन्यता का अनुभव कर रहे हैं।