कमिश्नर डॉ. भार्गव ने किया शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नागौद का निरीक्षण

 कमिश्नर रीवा संभाग डॉ. अशोक कुमार भार्गव ने शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नागौद में आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल परिसर में गंदगी पाए जाने पर अप्रसंन्नता व्यक्त की। उन्होंने स्कूल प्राचार्य को निर्देश दिए कि परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने स्कूल के उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया जिसमें पाया गया कि सहायक ग्रेड-दो सुदीप सिंह दो दिन से अनुपस्थित है। उपस्थिति पंजी में उनके हस्ताक्षर नहीं पाए गए। इस पर कमिश्नर डॉ. भार्गव ने सहायक ग्रेड-दो श्री सिंह का दो दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। कमिश्नर डॉ. भार्गव ने विद्यार्थियों से स्कूल परिसर में मुलाकात की और उनसे उनकी पढाई-लिखाई एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कुछ छात्र निर्धारित गणवेश में उपस्थित नहीं थे। इस पर उन्होंने प्रतिदिन गणवेश में उपस्थित होने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य को समझाइस देते हुए कहा कि स्कूल परिसर में छात्रों के माध्यम से पौधे लगवाएं और सभी को एक-एक पौधे गोद दे दें। उन्होंने पौधों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी बच्चों को सौंपने के निर्देश दिए। 
    कमिश्नर डॉ. भार्गव ने स्कूल में चल रही कक्षाओं का बारी-बारी से निरीक्षण किया। कक्षा 11 में पहुंचकर कमिश्नर डॉ. भार्गव ने बच्चों के बस्तों का वजन निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार कम करने के लिए प्राचार्य को समझाइस दी। उन्होंने कक्षा 10 वीं में स्वयं बैठकर शिक्षक द्वारा पढाए जाने के कार्य का मूल्यांकन किया। उन्होंने बच्चों से कक्षा में विभिन्न विषयों पर संवाद भी स्थापित किया। कमिश्नर डॉ. भार्गव ने विद्यालय के शौचालय का निरीक्षण किया और गंदगी पाए जाने पर साफ-सफाई का ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एस.डी.एम. संस्कृति शर्मा, प्राचार्य तंज कुमार मिंज, तहसीलदार अभयलाल चौधरी, नायब तहसीलदार नागेन्द्र त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।  

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म