कश्मीर में सोमवार से खुलेंगे स्कूल और कॉलेज, लोगों की आवाजाही पर पाबंदियों में ढील



जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के कई अहम प्रावधान हटाए जाने और इसे दो केंद्रशासित प्रदेश में बांटने के फैसले के बाद वहां अब धीरे-धीरे सामान्य हालात बहाल होते दिख रहे हैं. कश्मीर घाटी (Kashmir Valley) में लगातार 12वें दिन बंद के बाद अब सोमवार को वहां स्कूल-कॉलेज खोले जाएंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रशासन ने घाटी के सभी स्कूलों-कॉलेजों और सरकारी दफ्तरों को सोमवार से खोलने का निर्देश जारी किया है. वहीं अधिकारियों ने श्रीनगर (Srinagar) में लोगों की आवाजाही पर पाबंदियों में भी ढील दी है.

प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां कहा, 'घाटी के ज्यादातर हिस्सों में लोगों की आवाजाही पर पाबंदियों में ढील दी गई. अभी तक स्थिति शांतिपूर्ण है.' उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों की तैनाती पहले की तरह ही है. लोगों को शहर के आसपास और अन्य शहरों में आवाजाही की अनुमति दी गई है. पांच अगस्त को गृह मंत्री अमित शाह के राज्यसभा में जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा हटाए जाने की घोषणा करने से पांच घंटे पहले, कश्मीर में कर्फ्यू लगा दिया गया था. राज्य प्रशासन ने सरकारी कर्मचारियों को रेडियो पर उद्घोषणा के जरिए शुक्रवार को काम पर आने के निर्देश दिए.

हालांकि, संचार सेवाओं पर लगी पाबंदियां जारी हैं. सभी टेलीफोन और इंटरनेट सेवाएं निलंबित हैं. पिछले दो सप्ताहों से स्कूल बंद हैं. दुकानें और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी पांच अगस्त से बंद हैं. अधिकारी ने बताया कि घाटी में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षाबलों को हटाना जमीनी हालात पर निर्भर करेगा. 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म