जनता कर्फ्यू से रेल पर ब्रेक, आज आधी रात से कल रात 10 बजे तक नहीं चलेंगी ट्रेन

22 मार्च को पूरे देश में ट्रेन न चलाने का फैसला (फाइल फोटो-रॉयटर्स)

देश में कोरोना वायरस के बढ़ते केस के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार की रात राष्ट्र को संबोधित करते हुए 22 मार्च, रविवार को सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक जनता कर्फ्यू का आह्वान किया था. प्रधानमंत्री ने लोगों से खुद ही इस दौरान घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की थी. अब भारतीय रेलवे ने भी 22 मार्च को पूरे देश में ट्रेन न चलाने का फैसला किया है.
रेल मंत्रालय ने घोषणा की है कि 21/22 मार्च की आधी रात यानी ठीक 12 बजे से 22 मार्च की देर रात 10 बजे तक, 22 घंटे कोई भी ट्रेन अपनी यात्रा शुरू नहीं करेगी. हालांकि, रेल मंत्रालय ने पहले ही दिन सात घंटे की यात्रा पूरी कर चुकी पैसेंजर ट्रेन के लिए राहत का इंतजाम किया है. ऐसी ट्रेनों के गंतव्य तक परिचालन की अनुमति होगी.
रेल मंत्रालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार 22 मार्च को 22 घंटे तक कोई भी यात्री ट्रेन अपने प्रारंभिक स्टेशन से रवाना नहीं की जाएगी. रेल मंत्रालय के सूत्रों की मानें तो मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन रविवार की सुबह 4 बजे रोका जाएगा. सुबह चार बजे से पहले अपने प्रारंभिक स्टेशन से रवाना हो चुकी ट्रेनों को गंतव्य तक पहुंचने की अनुमति दी जाएगी.
इस संबंध में दक्षिण पूर्व रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि कितनी और कौन-कौन सी ट्रेनें रद्द होंगी, इस संबंध में अधिक जानकारी दी जाएगी. उन्होंने बताया कि हावड़ा और शालीमार स्टेशन पर बढ़ती भीड़ को कम करने के लिए 12 ट्रेनों का स्टॉपेज संतरागाची स्टेशन पर भी किया गया है. यह 12 ट्रेनें 4 अप्रैल तक संतरागाची स्टेशन पर भी 2 मिनट रुकेंगी.

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म