कश्मीर के शोपियां में 5 आतंकी ढेर
जम्मू। पुलिस और सुरक्षा बलों की मिलीजुली कार्रवाई में 5 आतंकी ढेर कर दिए गये । बता दें कि आतंकियों ने बीती रात एक नागरिक के घर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। तभी से आतंकियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन जारी था। वैसे भी कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी बना हुआ है।
कल एक नागरिक की कर दी थी हत्या
रविवार को दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में पुलिस और सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों की घेराबंदी कर पांच आतंकवादियों का एनकाउंटर किया है। मारे गए आतंकियों की पहचान की जा रही है। सेना ने बताया कि ऑपरेशन में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। इलाके में कोई अफवाह न फैले इसलिए मोबाइल इंटरनेट बंद कर दिया गया है।
सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि रेबन गांव में कई आतंकवादी छिपे हैं। मौके पर सुरक्षाबलों और पुलिस की टीमों ने इलाके की घेराबंदी की। आतंकियों से सरेंडर करने के लिए कहा गया लेकिन उन्होंने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी।
आतंकियों की फायरिंग के जवाब में सुरक्षाबलों ने भी गोलियां चलाईं। आखिर सुरक्षाबलों ने पांच आतंकियों को ढेर कर दिया। कश्मीर पुलिस ने बताया कि इलाके में अभी और आतंकियों के छिपे होने की आशंका है इसलिए अभियान जारी है। इलाके से सुरक्षाबलों और पुलिस को नहीं हटाया गया है। मारे गए आंतकियों की लाशें निकाल ली गई हैं। अब उनकी पहचान की जा रही है।