
गुवाहाटी। असम प्रदेश में स्थित प्राकृतिक गैस के एक कुए में भीषण आग भडक़ गई है। आशंका जताई जा रही है कि इस आग से आस पास के इलाके भी चपेट में आ सकते हैं। बता दें कि ऊपरी असम के तिनसुकिया जिले में ऑयल इंडिया लिमिटेड के प्राकृतिक गैस के कुए में बड़े पैमाने पर आग भडक़ गई। इस कुएं में पिछले 14 दिनों से गैस का रिसाव हो रहा था।
आस पास के इलाके भी आ सकते हैं चपेट में
सूत्रों का कहना है कि आग मंगलवार दोपहर शुरू हुई और इसके आसपास के क्षेत्रों में फैलने का अंदेशा है। इस घटना के बाद असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से बात की है। गैस रिसाव के क्षेत्र में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की तैनाती की गई है और असम के शीर्ष अधिकारी स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि गैस रिसाव की सूचना के साथ ही सोमवार को सिंगापुर से कुएं की आग को बुझाने में महारत रखने वाले विशेषज्ञों की टीम यहां आ चुकी थी। सिंगापुर की उक्त टीम भी मंगलवार सुबह से ऑपरेशन में शामिल हो गई हैं। गौरतलब है कि गुवाहाटी से लगभग 500 किमी दूर बागहजन तिनसुकिया में इस तेल कुएं में 27 मई को विस्फोट हुआ था।
पिछले 14 दिनों से इसमें गैस का रिसाव भी हो रहा था, जिससे इस क्षेत्र की आद्र्रभूमि और जैव विविधता को गंभीर नुकसान पहुंचा है। सोशल मीडिया पर स्थानीय लोगों की ओर से शेयर की गई फोटोज में लुप्तप्राय गंगा डॉल्फिन और अन्य जलीय जीवन के शव डिब्रू-साइखोवा नेशनल पार्क में तैरते देखते हुए हैं. यह स्थान ऑयल फील्ड से केवल तीन किमी दूर है। असम सरकार की इस हादसे पर सतत नजर बनी हुई है।
