कोलारस - कोलारस विधानसभा क्षेत्र के भाजपा एवं सिंधिया समर्थक नेताओं को शुक्रवार की शाम जैसे ही मीडिया के माध्यम से ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा से राज्य सभा सांसद निर्वाचित होने की खबर मिली कोलारस से लेकर शिवपुरी, बदरवास, लुकवासा, खतौरा, रन्नौद, खरई तेंदुआ क्षेत्र के भाजपाई एवं सिंधिया समर्थक भावी भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिंधिया की जीत पर मिठाई बांटकर तथा आतिशवाजी चलाकर खुशी का इजहार किया। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने तथा राज्यसभा में दो सीटों पर जीत दिलाने में भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही जिसके कारण शुक्रवार को मतदान के बाद जैसे ही परिणाम सामने आये प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर फैल गई। भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं सुमेर सिंह सोलंकी के मध्यप्रदेश से राज्य सभा सांसद निर्वाचित होने पर पूर्व विधायक महेन्द्र यादव, भाजपा पार्षद राजकुमार भार्गव, डॉ. राजेश भार्गव, विशोक व्यास, शीलकुमार यादव, धर्मेन्द्र जैन, ओपी भार्गव सहित अनेक भाजपाईयों एवं सिंधिया समर्थक नेताओं ने राज्यसभा चुनाव में मिली सफलता पर खुशियां व्यक्त की। मध्यप्रदेश से राज्यसभा की तीन सीटों के चुनाव के लिये भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुमेर सिंह सोलंकी को उम्मीदवार बनाया था जबकि कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और वरिष्ठ दलित नेता फूल सिंह बरैया उम्मीदवार थे। ज्योतिरादित्य सिंधिया को 56, सुमेर सिंह को 55 और दिग्विजय सिंह को 57 मत मिले। इसके अलावा बरैया को 36 मत मिले और दो मत निरस्त किए गए।
Tags
कोलारस
