
भोपाल-मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ने कहा है कि कोविड-19 के संबंध में जारी विद्युत बिलों में दी गई राहत की पात्रता रखने वाले उपभोक्ताओं को देयक जारी होना शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा है कि पात्र उपभोक्ताओं को बिल जारी करने के पहले बिलों का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें ताकि उपभोक्ताओं को राज्य शासन की मंशा अनुसार कोविड-19 से संबंधित विद्युत बिलों में राहत मिल सके। उपभोक्ताओं की बिल संबंधी शिकायतों का निराकरण तत्काल किया जाए और इसके लिए जरूरत के अनुसार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए स्थानीय स्तर पर उपभोक्ता शिकायत निवारण शिविर लगाए जा सकते हैं। भोपाल रीजन के अंतर्गत आठ जिलों में 45 विभिन्न स्थानों पर एटीपी मशीन उपभोक्ताओं की सेवा के लिए लगाई जा रही है, जिसमें उपभोक्ता नगद भुगतान कर सकते हैं। प्रबंध संचालक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निष्ठा एप के जरिए मीटर वाचन की मॉनीटरिंग करें और कॉर्पोरेट कार्यालय में भी मीटर वाचन मॉनीटरिंग सेल से समन्वय बनाए रखें। प्रबंध संचालक भोपाल रीजन वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से आठों जिलों की विद्युत बिलों के वितरण की समीक्षा कर रहे थे।
प्रबंध संचालक ने कहा कि कृषि उपभोक्ताओं के आधार नंबर एवं मोबाइल नंबर बिलिंग प्रणाली के साथ शत-प्रतिशत जोड़ें। इसके साथ ही घरेलू, गैर घरेलू एवं अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं के आधार एवं मोबाइल नंबर को जोड़ने को अभियान के तौर पर चलाया जाए। उपभोक्ताओं द्वारा एक जून से पहले दिए गए चैक यदि अस्वीकृत हो गए हैं, तो ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाए और बिल की मांग राशि उनके बिलों में जोड़ी जाए। प्रबंध संचालक ने ग्रामीण क्षेत्र में राजस्व वसूली एवं विद्युत सुधार के लिए ‘‘निष्ठा विद्युत मित्र योजना‘‘ का उल्लेख करते हुए कहा कि स्व-सहायता समूह की महिलाओं को समुचित मार्गदर्शन करें और उन्हें सही राह दिखायें, जिससे कि कंपनी के राजस्व में वृद्धि हो। बिजली चोरी की रोकथाम और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं मिल सकें तथा महिला स्व-सहायता समूह को आर्थिक रूप से सक्षम बनाया जा सके।
Tags
भोपाल