
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बुधवार को होने वाली बैठक में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के शामिल होने पर संस्पेंस है. बताया जा रहा है कि सीएम ममता इस बैठक से दूर रह सकती हैं. तृणमूल कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार, कल वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए होने वाली बैठक में वक्ताओं की सूची में ममता बनर्जी का नाम नहीं है.
बता दें कि देश में बढ़े कोरोना संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्रियों के साथ दो चरणों में बैठक कर रहे हैं. पहले चरण की बैठक आज मंगलवार को 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ हो रही है, तो वहीं दूसरी बैठक बुधवार को 15 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के साथ होगी. अनलॉक-1 के बाद ये प्रधानमंत्री की पहली बैठक है. इससे पहले पीएम मोदी 5 बार मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर चुके हैं.
प्रधानमंत्री मोदी कल 3 बजे मुख्यमंत्री से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोरोना पर चर्चा करेंगे. बैठक में महाराष्ट्र, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, बिहार और तेलंगाना के सीएम शामिल होंगे.