ख्यातिप्राप्त ध्रुपद गायक गुंदेचा बंधुओं पर लगा यौन शोषण का आरोप, विदेशी छात्रा ने फेसबुक पर बयां किया दर्द

ख्यातिप्राप्त ध्रुपद गायक गुंदेचा बंधुओं पर एक विदेशी छात्रा ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। ध्रुपद संस्थान (एम्सटर्डम) के पूर्व छात्रा ने दिवगंत रामाकांत गुंदेचा और उनके छोटे भाई अखिलेश पर आरोप लगाया है। छात्रा ने यह आरोप फेसबुक पोस्ट के जरिए लगाया है। दरअसल, दो सितंबर को ध्रुपद परिवार यूरोप नाम से एक ग्रुप में यह फेसबुक पोस्ट किया गया था। इस आरोप के बाद संस्थान में हड़कंप मच गया है। वहीं, इस मामले में दिवगंत रामाकांत गुंदेचा के भाई व ध्रुपद संस्थान के अध्यक्ष उमाकांत गुंदेजा ने कहा कि इसकी अंदरूनी जांच शुरू कर दी गई है। बता दें कि रामाकांत गुंदेचा का पिछले साल दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हो गया था। वहीं, छोटे भाई अखिलेश गुरुकुल में पखावज सीखाते हैं। इस मामले में भोपाल स्थित प्रतिष्ठित आवासीय संगीत गुरुकुल ध्रुपद संस्थान ने कहा है कि आंतरिक समिति की रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। जब तक समिति की रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक के लिए अखिलेश गुंदेचा ने संस्थान के सभी कार्यों से खुद को दूर कर लिया है। बता दें कि छात्रा ने फेसबुक पोस्ट में लिखा है कि, रमाकांत और अखिलेश गुंदेचा की धमकियों की वजह से अभी तक हम चुप रहे। उन्होंने आगे लिखा कि, कई छात्राओं का यौन उत्पीड़न किया गया है और संगीत के क्षेत्र में करियर की बात कह कर उनसे समझौता करने को कहा गया है। न कहने पर गुरुकुल में परेशान होती थी। छात्रा ने गुरुकुल में लड़कियों को गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया है। उसने यह भी कहा है कि अभी तक जो हुआ है, इसके बारे में मैंने सिर्फ अपने परिवार को जानकारी दी है। मैंने संस्थान में इसके बारे में किसी को नहीं बताया है।