बेरोजगार युवाओं ने की CM शिवराज के खिलाफ नारेबाजी, पुलिस ने बल प्रयोग कर खदेड़ा
भोपाल - मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर युवा बेरोजगार संघ के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे लड़के-लड़कियों को पुलिस ने बल प्रयोग कर खदेड़ दिया. बेरोजगार के खिलाफ विरोध कर रहे युवा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर बैठ गए थे. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी कुछ देर के लिए मौके पर पहुंचे थे. करीब हजार से ज्यादा युवाओं ने राजधानी में चक्का जाम कर दिया. ये लोग राज्य सरकार से रोजगार देने की मांग कर रहे थे. कोरोना संकट के बीच इस विरोध प्रदर्शन के लिए युवाओं ने प्रशासन से अनुमति नहीं ली थी. पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए इनको रोशनपुरा चौराहे से खदेड़ दिया और करीब 50 से अधिक लड़के-लड़कियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी.