महिला ने दो भाइयों पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, पिता ने कहा- धन की मांग करती थी बेटी
मध्यप्रदेश के भोपाल में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां दो भाइयों पर अपनी ही बहन से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। दरअसल, राजधानी भोपाल में शनिवार को एक 36 वर्षीय महिला ने अपने दो छोटे भाइयों पर उसके साथ आठ महीने पहले दुष्कर्म करने के आरोप में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता का एक भाई उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) है। मिसरोद पुलिस स्टेशन के निरीक्षक निरंजन शर्मा ने कहा, पीड़ित महिला भोपाल के मिसरोद की रहने वाली है। महिला ने अपने माता-पिता पर भाइयों का समर्थन करने और उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 376 डी (सामूहिक दुष्कर्म) 120 बी (आपराधिक साजिश) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने बताया कि महिला का एक 34 वर्षीय भाई रेलवे का कर्मचारी है। वहीं, 32 वर्षीय दूसरा भाई एसडीएम है। पुलिस ने महिला के माता-पिता पर आईपीसी की धारा 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाने की सजा) और 342 (गलत तरीके से कैद के खिलाफ सजा) के तहत मामला दर्ज किया है। अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसकी शादी नहीं हुई है। इस साल फरवरी में उसके भाइयों ने दुष्कर्म किया। जब उसने इस बारे में अपने माता-पिता को बताया तो उन्होंने मदद करने के बजाय उसे पीटा। महिला ने कहा है कि घर के चारों सदस्य उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित भी करते थे। उन्होंने उसे झूठे मामले में फंसाने की भी कोशिश की। हालांकि, महिला के पिता ने कहा, मेरी बेटी की दो बार शादी टूट गई। इसके बाद उसने हमें पैसे के लिए परेशान करना शुरू कर दिया। नियमित उत्पीड़न से परेशान होकर, मैंने और मेरी पत्नी ने इस साल अगस्त में मिसरोद पुलिस स्टेशन में शिकायत की। पिता का कहना है कि शिकायत के बाद, पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज की और उसे धारा 294, 327 और 506 के तहत गिरफ्तार किया। जमानत पर रिहा होने के बाद, वह हमें शिकायत वापस लेने के लिए मजबूर कर रही थी। अब उसने अपने भाइयों के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज की। भोपाल के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) इरशाद वली ने कहा, इससे पहले महिला और उसके माता-पिता के बीच पारिवारिक विवाद था। अब शनिवार को महिला इस नए तथ्य के साथ सामने आई। हम मामले की जांच कर रहे हैं और जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार करेंगे।