शिवपुरी - आज के समय में महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए शासन की कई योजनाएं चल रही हैं और महिलाएं भी आगे बढ़कर रुचि लेते हुए आत्मनिर्भर बनने की ओर कदम बढ़ा रही हैं। मध्य प्रदेश डे राज्य आजीविका मिशन के तहत संचालित स्वसहायता समूह की महिलाएं आज छोटे-छोटे उद्योग और व्यापार करके बड़ा नाम कमा रहीं हैं। उन्हीं में से एक हैं धनकोबाई। शिवपुरी जिले के मोहराई ग्राम की निवासी श्रीमती धनको जाटव की आजीविका एक्सप्रेस ने उनकी आत्मनिर्भर महिला की छवि बनाई है। वह मोहराई ग्राम के शेरावाली स्वसहायता समूह से जुड़ी हैं। ऐसे गांव जिनमें आने जाने के लिए वाहन की सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन्हें चिन्हित कर आजीविका एक्सप्रेस योजना के तहत समूह की महिलाओं को वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इसमें समूह की महिलाओं को 6 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया गया है। यह मैजिक वाहन धनकोबाई की आय का साधन बना है और ऋण की राशि चुकाने में भी कोई समस्या नहीं है। जब जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक गांव में भ्रमण के लिए पहुंचे तो उन्होंने धनकोबाई से चर्चा की। तब धनकोबाई ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि हम जैसे साधारण परिवार की महिलाएं समूह से जुड़कर बहुत कुछ कर सकती हैं। समूह से जुड़कर कम पढ़ी लिखी महिलाएं भी आत्मनिर्भर होकर अपना काम कर रही हैं। उनका कहना है कि कभी भी अपने आप को कमजोर नहीं समझना चाहिए और अच्छे अवसरों का सदैव सदुपयोग करना चाहिए।