मैच एवं डांसरों को देखने उमड़ा जन सैलाव - कोलारस में क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारम्भ
कोलारस में हुआ टूर्नामेंट का शुभारंभ, गुना ने शिवपुरी को 16 रनों से हराया
अभिजीत काले कोलारस - कोलारस नगर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कॉलेज ग्राउंड में संभाग स्तरीय टैनिस वॉल क्रिकेट टूर्नामेंट फ्रेंड्स कप लीग का आयोजन किया गया है जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रविंद्र शिवहरे एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में चंचल पाराशर रहे। शिवहरे द्वारा फीता काटकर क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ किया साथ ही क्रिकेट टूर्नामेंट संचालक व खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया गया। इस क्रिकेट टूर्नामेंट के शुभारंभ के अवसर पर अतिथि के रूप में बैजनाथ सिंह यादव, पूर्व पार्षद मंगल कुशवाह ,राजू भार्गव ,रामबाबू निवौरिया, महेश गुप्ता, गोलू व्यास, अभिषेक जैन, प्रदीप त्यागी, मयंक जैन ,हेमंत कुशवाह आदि मौजूद रहे। इस अवसर पर रविंद्र शिवहरे ने कहा कि इस खेल से नगर के नए-नए युवा जो आए दिन लड़ाई-झगड़े की ओर भाग रहे हैं वह ऐसी झगड़ालू मानसिकता छोड़कर आपस मे भाई चारे की ओर बढ़ेगे। क्योंकि यह खेल आपसी भाईचारे को भी बढ़ावा देता है। वहीं राघवेंद्र व्यास गोलू ने कहा कि क्रिकेट का खेल देखने में जितना मजा आता है उससे कई गुना ज्यादा मजा व लाभ उसे खेलने से मिलता है। क्रिकेट के मैदान पर आपको शारीरिक और मानसिक दोनों तरह से कार्य करना पड़ता है, जिससे आपकी मांसपेशियां मजबूत होती हैं और आपका संतुलन,गति और स्फूर्ति तीनों बढ़ती है।
शिवपुरी ने टाॅस जीतकर पहले गेंदबाजी की
क्रिकेट टूर्नामेंट में पहला मुकाबला समर कलेक्शन शिवपुरी एवं एटूजेड गुना की टीम के बीच हुआ। जिसमें समर कलेक्शन शिवपुरी ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। एटूजेड गुना टीम के खिलाड़ियों ने 16 आवरों में 142 रन बनाए। वहीं एटूजेड गुना की ओर से बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अमरदीप ने 47 रन बनाए। जवाब में मैदान में उतरी समर कलेक्शन 127 रन ही बना पाई और ए टू जेड गुना ने 15 रनों से मैच जीत लिया। जिसमें गुना के दिव्यांश 4 विकेट लेकर मैंन आफ द मैच रहे। क्रिकेट टूर्नामेंट का संचालन सुनील रजक द्वारा किया गया उन्होंने बताया कि इस टूर्नामेंट में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को नगद राशि 61 हजार पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रविंद्र शिवहरे एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को नगद राशि 31 हजार चंचल पाराशर द्वारा पुरस्कार स्वरूप प्रदाय की जाएगी।क्रिकेट टूर्नामेंट अध्यक्ष के रूप में संजीव जैन (राजा साहब) उपाध्यक्ष संजय भार्गव ,कोषाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव, मीडिया प्रभारी शशांक गुप्ता, सयोजक निहाल अग्रवाल सदस्य के रूप में विक्की शिवहरे, मनीष तोमर, राजू चाचा मौजूद रहे।

