शिवपुरी जिले के 250 हितग्राहियों के खाते में अंतरित हुए 5 करोड़ 64 लाख रूपए
शिवपुरी - मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज सोमवार को खरगोन जिले के झिरन्या से मुख्यमंत्री जन-कल्याण संबल योजना एवं निर्माण श्रमिकों के लिए अनुग्रह सहायता योजना में 14 हजार 475 श्रमिकों के खाते में 321 करोड़ 35 लाख रूपये की अनुग्रह सहायता राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। अंतरित की जाने वाली राशि में संबल योजना के 13 हजार 769 प्रकरणों में 307 करोड़ 23 लाख रूपये तथा निर्माण श्रमिकों को अनुग्रह सहायता राशि के 706 प्रकरणों में 14 करोड़ 12 लाख रूपये की राशि शामिल हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ग़रीब के लिए पढ़ाई, रोज़ी-रोटी और मकान के लिए सरकार फ़िक्रमंद है। परिवार बड़े हो रहे हैं, ऐसे में हर ग़रीब और आवासहीनों को मकान के लिए ज़मीन मुहैया करायी जाएगी। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश की पूर्व सरकार ने गरीबों के लिए सम्बल योजना बंद कर उनके मुँह से निवाला छीन लिया था। अब यह योजना फिर से प्रारंभ कर दी गई है मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सरकार के ख़ज़ानों में गरीबों के लिए राशि की कोई कमी नहीं है। स्व सहायता समूह की महिलाओं को रोज़गार के भरपूर अवसर मुहैया कराए जाएंगे। स्कूलों के यूनीफार्म स्वसहायता समूह की महिलाएँ ही बनायेंगी। इसमें कोई ठेकेदार नहीं होगा मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अनुसूचित क्षेत्रों में जनजातीय कल्याण के लिए पेसा एक्ट लागू किया जाएगा। दूरदराज़ के गांवों में राशन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और घरों में जाकर गरीबों को राशन दिया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने झिरण्या क्षेत्र में जन प्रतिनिधियों द्वारा रखी गई विभिन्न माँगो को पूरा करने की भी घोषणा की।
शिवपुरी के एनआईसी कक्ष में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एच.पी.वर्मा, श्रम अधिकारी एस.के.जैन सहित हितग्राहीगण उपस्थित है। इसी क्रम में शिवपुरी जिले के 250 हितग्राहियों के खाते में 5 करोड़ 64 लाख रूपए की राशि अंतरित की गई। जिसमें शिवपुरी जनपद के 32 प्रकरणों में 76 लाख रूपए, पोहरी जनपद के 92 प्रकरणों में 2 करोड़ 12 लाख रूपए, कोलारस जनपद के 18 प्रकरणों में 40 लाख, बदरवास जनपद के 11 प्रकरणों में 26 लाख रूपए, नरवर जनपद के 20 प्रकरणों में 48 लाख रूपए, करैरा जनपद के 23 प्रकरणों में 50 लाख रूपए, पिछोर जनपद के 22 लाख प्रकरणों में 44 लाख रूपए, खनियांधाना के 7 प्रकरणों में 16 लाख रूपए तथा नगरीय निकाय शिवपुरी, नरवर एवं खनियांधाना के 3-3 प्रकरणों में 6-6 लाख रूपए, नगरीय निकाय कोलारस के दो-दो प्रकरणों में 4-4 लाख रूपए, नगरीय निकाय बदरवास के 6 प्रकरणों में 12 लाख रूपए, नगरीय निकाय करैरा के 5 प्रकरणों में 10 लाख रूपए तथा पिछोर के 1 प्रकरण में 4 लाख रूपए की अनुग्रह राशि सिंगल से अंतरित की गई।
उल्लेखनीय है कि म.प्र. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल और म.प्र. शहरी एवं ग्रामीण असंगठित कर्मकार कल्याण मण्डल द्वारा प्रदेश के असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों एवं उनके परिवार के लिए जन्म से मृत्यु तक अनेक योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। मण्डल द्वारा अनुग्रह सहायता योजना में सामान्य मृत्यु पर 2 लाख, दुर्घटना मृत्यु पर 4 लाख, आंशिक स्थाई अपंगता पर एक लाख और स्थाई अपंगता पर 2 लाख रूपये की सहायता प्रदान की जाती है।
