धार जिले में गर्लफ्रेंड के महंगी बाइक पर घूमने के शौक को पूरा करने एक युवक एमपीपीएससी की तैयारी छोड़ बाइक चोर बन गया। आरोपी अपने दोस्त के साथ मिलकर सुनसान इलाकों में खड़ी बाइक्स को चोरी कर बेचा करता था। धार के रहने वाले युवकों ने इंदौर में भी बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया है बाइक पर घूमने के बाद दोनों युवक उन्हें सस्ते दामों में बेच दिया करते थे। कोतवाली पुलिस ने दोनों युवकों को बाइक बेचने के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से कुल पांच बाइक बरामद की गई हैं। कोर्ट में पेश करने के बाद दोनों आरोपियों को रिमांड पर लिया गया है। पुलिस को शक है कि दोनों आरोपियों ने और भी वारदात को अंजाम दिया होगा।
MPPSC की तैयारी कर रहा था आरोपी
टीआई समीर पाटीदार ने बताया कि गंजीखाना क्षेत्र में दो युवकों के घूमने की सूचना मिली थी। दोनों आरोपी चोरी की बाइक को बेचने के लिए धार में घूम रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बाइक जब्त कर आरोपियों से गाड़ी के कागजात मांगे। इस पर वे जानकारी नहीं दे पाए। पुलिस ने बाइक जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों के नाम सोहन पिता मोहन (उम्र 22) निवासी खिड़किया कलां और लक्ष्मण पिता करन (उम्र 20) निवासी एलआईजी कॉलोनी बताए गए हैं। पुलिस ने बताया कि लक्ष्मण MPPSC की तैयारी कर रहा था। प्रेमिका बाइक्स पर घूमने की जिद करती थी, इस वजह से वह चोर बन गया।
5.20 लाख रुपये है चोरी के वाहनों की कीमत
पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बाइक चोरी कबूल की है। पुलिस ने आरोपियों से एक बुलेट, दो पल्सर, एक टीवीएस की अपाचे और एक होंडा शाइन जब्त की। बरामद की गई गाड़ियों की कुल कीमत करीब 5 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने तीन बाइक आरोपी सोहन के गांव से जब्त की है।
Tags
धार