नगरीय निकायों एवं पंचायतों की मतदाता सूची का वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी

शिवपुरी - राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2022 के द्वितीय चरण के शेष कार्य एवं अंतिम चरण का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। सचिव राज्य निर्वाचन आयोग श्री बी.एस. जामोद ने जानकारी दी है कि फोटो प्रारूप मतदाता सूची का नगर पालिका वार्ड एवं अन्य विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 4 अप्रैल 2022 को किया जायेगा।

दावा आपत्ति केन्द्रों पर दावे-आपत्ति 11 अप्रैल तक (अपरान्ह 3 बजे तक) लिये जायेंगे। दावे-आपत्तियों का निराकरण 16 अप्रैल तक किया जायेगा। फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का नगर पालिका वार्ड तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 25 अप्रैल 2022 को होगा। नवगठित नगरीय निकायों और ऐसे नगरीय निकाय जिनमें क्षेत्र विस्तार किया गया है, किन्तु वार्डों का विभाजन शेष है, वहाँ मतदाता सूची का कार्यक्रम अलग से जारी किया जायेगा।


राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा त्रि-स्तरीय पंचायतों के आगामी निर्वाचन के लिए 1 जनवरी 2022 की संदर्भ तिथि के आधार पर फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2022 का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 25 अप्रैल को किया जाएगा।

सचिव राज्य निर्वाचन आयोग श्री बी.एस.जामोद ने जानकारी दी है कि फोटोयुक्त प्रारूप मतदाता सूची का ग्राम पंचायत एवं अन्य विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 4 अप्रैल 2022 को किया जाएगा। दावा आपत्ति केन्द्रों पर दावे-आपत्ति 11 अप्रैल तक (अपरान्ह 3 बजे तक) लिये जायेंगे। दावे-आपत्तियों का निराकरण 16 अप्रैल तक किया जायेगा। फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का ग्राम पंचायत एवं अन्य विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 25 अप्रैल 2022 को होगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म