देश में पहली बार मेडिकल नॉलेज शेयरिंग मिशन की शुरूआत, विश्व स्तरीय इंस्टीट्यूट से होगा एमओयू


देश में पहली बार मध्य प्रदेश में मेडिकल नॉलेज शेयरिंग मिशन की शुरुआत की गई है। गुरुवार को भोपाल में मिशन के कार्यालय का चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने शुभारंभ किया। यहां से देश के साथ ही विश्व स्तरीय इंस्टीट्यूट के साथ एमओयू होगा।

चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि "मेडिकल नॉलेज शेयरिंग मिशन'' से राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चिकित्सा शिक्षा एवं चिकित्सकीय उपचार की नवीनतम तकनीक, नवाचारों एवं शोध के विभिन्न आयामों का लाभ मध्यप्रदेश के चिकित्सकों एवं चिकित्सा छात्रों को मिलेगा। सारंग ने बताया कि मिशन के कार्यालयों से सभी प्रकार के काम संचालित होंगे। यहां से शासकीय एवं निजी चिकित्सा संस्थानों जैसे शंकर नेत्रालय चैन्नई, टाटा केंसर हॉस्पिटल मुंबई, फोर्टिस गुडगांव एवं अपोलो हॉस्पिटल के साथ सुपर स्पेशिलिटी शल्य चिकित्सा के क्षेत्र में मेडिकल रोबोटिक्स के उपयोग, चिकित्सा पद्धति और गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए चिकित्सकीय एवं शैक्षणिक आदान-प्रदान किया जाएगा। अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी के साथ बोनमेरो ट्रांसप्लांट एवं एमोरी यूनिवर्सिटी के साथ संक्रामक बीमारियों के उपचार एवं चिकित्सा शोध के लिए एमओयू किया जाएगा।

यह होगा फायदा- कैपेसिटी बिल्डिंग  

मेडिकल के छात्रों एवं चिकित्सकों के लिए ट्रेनिंग, कैपेसिटी बिल्डिंग, नॉलेज एक्सचेंज, एक्पोजर विजिट प्रोग्राम आदि कार्यक्रम तैयार किये जायेगे। नॉलेज एक्सचेंज इंटरेक्टिव डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया जाएगा, जिससे चिकित्सीय छात्र एवं चिकित्सक अपने अनुभव, रिसर्च कार्यों एवं अन्य नवाचारों को एक-दूसरे से डिजिटल रूप से साझा कर सकेंगे। यहां नवीनतम तकनीकों (आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस-AI) एवं गूगल तथा माइक्रोसॉफ्ट आधारित आधुनिक सॉफ्टवेयर का उपयोग चिकित्सा शिक्षा और चिकित्सकीय व्यवस्था क्षेत्र में किये जाने पर कार्य किया जाएगा।

गंभीर बीमारियों में विशेषज्ञाें की लेंगे राय  

देश एवं विश्व के विशेषज्ञ डॉक्टरों से प्रदेश के मरीजों की जटिल बीमारियों के इलाज के लिए एमओयू किया जाएगा, जिसमें हेल्थ कैंप, चिकित्सा परामर्श सुविधा एवं शल्य चिकित्सा की व्यवस्था चिकित्सा महाविद्यालय के हॉस्पिटल में की जायेगी।

मेडिकल छात्रों के एक्सचेंज कार्यक्रम

सारंग ने बताया देश-विदेश में चिकित्सा के क्षेत्र में चल रहे नवाचारों, नवीन चिकित्सकीय विधि-विधाओं एवं चिकित्सकीय शोध आदि विषयों पर ट्रेनिंग एवं कार्यशाला की जाएगी। नॉलेज एक्सचेंज एक्पोजर प्रोग्राम में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों के चिकित्सा छात्रों एवं चिकित्सकों को देश-विदेश में नॉलेज एक्सचेंज एक्पोजर विजिट की व्यवस्था भी की जाएगी।

क्या है नॉलेज एक्सचेंज डिजिटल प्लेटफार्म

डिजिटल प्लेटफार्म पर प्रदेश से चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर देश-विदेश के प्रसिद्ध चिकित्सा संस्थानों में कार्यरत डॉक्टरों को रजिस्ट्रेशन कर जोड़ा जाएगा। यहां पर मेडिकल के नए शोध, नवचारों को डिजिटल प्रकाशित किया जाएगा। साथ ही नवीन चिकित्सा तकनीकों के संबंध में चर्चा-जानकारी के लिए ब्लॉग, डिस्कशन एवं प्रतियोगिता आयोजित होगी। डिजिटल सामग्री डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जाएगी।  

मशीन लर्निंग को विकसित किया जाएगा 

मेडिकल कॉलेज के अस्पतालों में मरीजों के जांच एवं उपचार के डाटा को एकत्रित कर सॉफ्टवेयर आधारित मशीन लर्निंग से जांच और उपचार के विभिन्न एल्गोरिदम को तैयार किया जाएगा, जिससे चिकित्सकों एवं चिकित्सा छात्रों को मरीजों के इलाज और उपचार में मदद मिल सकेगी।

वी.आर. डिवाइसेस से चिकित्सा प्रशिक्षण

चिकित्सा तकनीक के नवीनतम वर्चुअल टेक्नोलॉजी आधारित वी.आर. डिवाइसेस से चिकित्सा छात्रों को वर्चुअल टेक्नोलॉजी आधारित प्रशिक्षण प्रदान कर वास्तविक चिकित्सीय प्रोसीजर करने के अनुभव के करीब पहुंचने में मदद कर उनके क्लीनिकल डायग्नोसिस एवं सर्जिकल दक्षता को सक्षम किया जा सकेगा।

थ्रीडी प्रिंटिंग का चिकित्सा के क्षेत्र में उपयोग

थ्रीडी प्रिंटिंग के उपयोग से चिकित्सा पेशेवरों और चिकित्सा छात्रों को रोगियों का कई तरीकों से उपचार करने का एक नया रूप प्रदान करना संभव होता है। थ्रीडी प्रिंटिंग के उपयोग से प्रोस्थेसिस के विकास, दांत, हड्डियों एवं विभिन्न अंगों की विशिष्ट बीमारियों के परिप्रेक्ष्य में प्रतिकृतियों के निर्माण कर शल्य क्रिया में बेहतर चिकित्सा रिजल्ट प्राप्त किया जा सकेगा।

इन्क्यूबेशन सेंटर की स्थापना

मेडिकल नॉलेज शेयरिंग मशीन के माध्यम से नवीन मेडिकल डिवाइस के शोध एवं विकास के लिए गांधी मेडिकल कॉलेज में इनक्यूबेशन सेंटर को विकसित किया जाएगा, जिससे चिकित्सकों एवं चिकित्सा छात्रों में नए चिकित्सा उपकरणों को मरीजों की आवश्यकता के अनुसार शोध करने और विकसित करने का अवसर मिल सकेगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म