केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने किया शिवपुरी-झांसी लिंक रोड का लोकार्पण, शिवपुरी की जीवन रेखा बनेगा यह लिंक रोड- सिंधिया - Shivpuri


सिंधिया ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और सीएम डॉ.मोहन यादव का व्यक्त किया आभार
शिवपुरी - केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री तथा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज शुक्रवार को शिवपुरी से झांसी (उत्तर प्रदेश) को जोड़ने वाली 12.18 किमी लंबी झांसी लिंक रोड (ओल्ड एनएच-25) का लोकार्पण कर उसे जनता को समर्पित किया। इस सड़क का निर्माण 20.37 करोड़ रुपये की लागत से तय समय सीमा से पहले पूर्ण किया गया। यह सड़क शिवपुरी से होकर गुजरते हुए माधव नेशनल पार्क से जुड़ती है। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी दूरदृष्टि और सहयोग से ही ये परियोजनाएँ संभव हो पाई हैं। 

इस दौरान उन्होंने विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया।कार्यक्रम में शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, कोलारस विधायक महेंद्र यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव और जनपद अध्यक्ष हेमलता रावत, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, कलेक्टर रवीन्‍द्र कुमार चौधरी, पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, जिला पंचायत के मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन सहित जनप्रतिनिधि एवं अन्‍य विभागीय अधिकारी और स्‍थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि बुनियादी ढांचे के बिना कोई राष्ट्र प्रगति नहीं कर सकता सड़कें और कनेक्टिविटी ही विकास की नींव हैं यह सड़क केवल भौतिक विकास का प्रतीक नहीं है, बल्कि शिवपुरी की जनता के सपनों और आकांक्षाओं का मार्ग है। इसके अलावा सिंधिया ने शिवपुरी को जल्द ही मिलने जा रही हवाई अड्डे, केन बेतवा परियोजना और अडानी डिफेंस प्रोजेक्ट जैसी सौगातों के बारे में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की शुरुआत 15 अक्टूबर 2023 को हुई थी और इसके पूरे होने की समय सीमा 15 अक्टूबर 2025 तय की गई थी लेकिन डबल इंजन सरकार की विकास और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्धता के चलते इस परियोजना को तय समय सीमा से पहले ही पूरा कर लिया गया। 

उन्होंने झांसी लिंक रोड की अन्य विशेषताएं बताते हुए कहा कि इस सड़क पर 11 पुलियों का निर्माण और 15 लाख रुपये की लागत से रोड सेफ्टी फर्नीचर लगाया गया है ताकि टाइगर रिजर्व में विचरण करने वाले वन्य जीव सुरक्षित रह सकें। इसके अलावा शिवपुरी हवाई पट्टी के पास 2.4 किमी टू-लेन डामरीकृत मार्ग भी तैयार किया गया, जिससे पर्यटकों और यात्रियों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहले इस मार्ग की जर्जर स्थिति से किसान अपनी उपज बाजार तक ले जाते समय परेशान होते थे और यात्रियों को झांसी पहुंचने में कठिनाई होती थी। अब यह चमकती हुई सड़क सभी समस्याओं का समाधान बनेगी। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे शरीर के अंदर हृदय की आर्टरी पूरे शरीर में रक्त का संचार करती है, वैसे ही यह झांसी लिंक रोड शिवपुरी की जीवन रेखा है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी। उन्होंने बताया कि यह 12 कि.मी. लंबे मार्ग में 9 कि.मी. का हिस्सा टाइगर रिजर्व माधव नेशनल पार्क में आता था, जिस कारण इस मार्ग के लिए अनुमति लेना बहुत ही चुनौतीपूर्ण था। सभी के सहयोग से यह सडक का निर्माण कार्य संपन्न हो पाया है। प्रदेश के 9वें टाइगर रिजर्व माधव नेशनल पार्क के लिए यह सड़क पर्यावरणीय दृष्टि से भी संवेदनशील तरीके से तैयार की गई है। उन्होंने सड़क निर्माण टीम और वन विभाग को बधाई दी, उन्होंने चुनौतियों के बावजूद यह काम समय से पहले पूर्ण किया।उन्होंने बताया कि क्षेत्र में जल्द ही हवाई अड्डा शुरू होने जा रहा है, 44,000 करोड़ रुपये की केन-बेतवा लिंक परियोजना से लाखों किसान परिवार लाभान्वित होंगे और 2500 करोड़ रुपये का अदानी डिफेंस यूनिट स्थापित होने जा रहा है इसके अलावा उन्होंने सिंचाई और जल संरक्षण की योजनाओं का भी उल्लेख किया, जिनसे आने वाले वर्षों में क्षेत्रीय कृषि और जल संसाधन प्रबंधन को नई ताकत मिलेगी। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कटिबद्ध हैं और आज का लोकार्पण एवं अन्य आगामी परियोजनाएं इस समर्पण का प्रमाण हैं उन्होंने सभी इंजीनियरों, कर्मचारियों और जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि जब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का आशीर्वाद है, तब तक विकास की गति अवरुद्ध नहीं होगी कार्यक्रम के प्रारंभ में केंद्रीय मंत्री सिंधिया द्वारा कोटा सोसायटी ग्राउंड में वृक्षारोपण भी किया। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म