खााद्य मंत्री एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री ने स्वास्थ्य शिविर का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा - Shivpuri



शिवपुरी - खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत तथा नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग के मंत्री राकेश शुक्ला ने शिवपुरी पहुंचकर 17 मार्च से 24 मार्च 2026 तक आयोजित 8 दिवसीय रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंत्रीगण द्वारा शिविर में उपस्थित मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की उन्होंने हेल्पडेस्क पर दी जा रही सेवाओं के संबंध में उपस्थित कर्मचारियों से जानकारी ली एवं शिविर में संचालित विभिन्न जांच एवं उपचार बसों का निरीक्षण किया।

खाद्य मंत्री ने दंत परीक्षण बस सहित अन्य इकाइयों का निरीक्षण करते हुए डॉक्टरों एवं स्टाफ से चर्चा की तथा निर्देश दिए कि शिविर में आने वाला कोई भी मरीज परेशान न हो और उसे बिना भटके आवश्यक सेवाएं उपलब्ध हों उन्होंने बड़ौदी क्षेत्र की महिलाओं से संवाद कर शिविर की व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया।

इस दौरान एक्स-रे एवं मुख कैंसर जांच बस में उपलब्ध सेवाओं का निरीक्षण करते हुए मंत्रीगण ने वालेंटियर्स को निर्देश दिए कि वे निरंतर सक्रिय रहकर मरीजों की सहायता करें एवं उन्हें सही स्थान तक पहुंचाने में सहयोग करें। इस संबंध में जनप्रतिनिधियों एवं रोटरी क्लब के पदाधिकारियों से भी चर्चा की गई।

मेडिकल कॉलेज का भी किया निरीक्षण
मंत्रीगण द्वारा मेडिकल कॉलेज शिवपुरी का भी संयुक्त रूप से भ्रमण किया गया उन्होंने शिविर से रेफर होकर आने वाले मरीजों की जानकारी ली एवं पांचवीं मंजिल पर स्थित ऑपरेशन थियेटर कॉम्पलेक्स का निरीक्षण किया इस दौरान एक मरीज द्वारा जांच संबंधी शिकायत किए जाने पर मंत्रीगण ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित मरीज का समुचित उपचार सुनिश्चित करने एवं उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन, श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन एवं रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3053 के संयुक्त तत्वावधान में यह वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है जिसमें आमजन को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क उपचार एवं जांच सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म