जनसुनवाई शिकायत पर कार्रवाई, मनमानी करने वाले रोजगार सहायक की सेवाएं समाप्त
शिवपुरी - जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत के आधार पर जिला प्रशासन द्वारा त्वरित एवं सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत भयावन, जनपद पंचायत पिछोर के रोजगार सहायक एवं प्रभारी सचिव को पद से बर्खास्त कर उसकी संविदा सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत भयावन निवासी नेहा चौधरी द्वारा जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि रोजगार सहायक द्वारा जानबूझकर लाडली बहना योजना से उनका नाम हटा दिया गया, जिससे वे योजना के लाभ से वंचित हो गईं कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी के निर्देशन में जिला पंचायत सीईओ द्वारा मामले की जांच कराई गई।
शिकायत के परीक्षण हेतु जनपद स्तर पर सेक्टर प्रभारी एवं प्रभारी खंड पंचायत अधिकारी द्वारा संयुक्त जांच की गई, जिसका प्रतिवेदन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत पिछोर द्वारा जिला पंचायत सीईओ को प्रस्तुत किया गया जांच में यह तथ्य सामने आया कि संबंधित रोजगार सहायक पवन कर्ण द्वारा हितग्राही का नाम अपनी आईडी से हटाया गया था।
रोजगार सहायक द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया तथा जांच में कार्य में स्वेच्छाचारिता, लापरवाही एवं गंभीर अनुशासनहीनता प्रमाणित हुई उक्त कृत्य के कारण हितग्राही योजना के लाभ से वंचित हुई उपरोक्त तथ्यों के आधार पर जिला पंचायत सीईओ द्वारा संबंधित रोजगार सहायक की संविदा सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के आदेश जारी किए गए हैं।
Tags
Shivpuri