कलेक्टर सख्त, नरवाई जलाने पर होगी एफआईआर, किसानों को दी जा रही जागरूकता - Shivpuri





शिवपुरी - शिवपुरी जिले में नरवाई जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने हेतु जिला प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं कलेक्टर के निर्देशानुसार कृषि विभाग का मैदानी अमला गांव-गांव पहुंचकर कृषकों को नरवाई प्रबंधन के प्रभावी तरीकों के बारे में जागरूक कर रहा है।

कृषि विस्तार अधिकारियों द्वारा किसानों को नरवाई जलाने से होने वाले दुष्प्रभावों के साथ-साथ इस पर लागू होने वाले अर्थदण्ड एवं एफआईआर की कार्यवाही के संबंध में भी जानकारी दी जा रही है। कलेक्टर द्वारा स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि नरवाई जलाने वाले कृषकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाएगी।

इसके साथ ही गेहूं फसल की कटाई में संलग्न कम्बाईन हार्वेस्टर मालिकों एवं संचालकों को भी निर्देशित किया गया है कि वे एसएमएस (Straw Management System) अथवा स्ट्रॉ रीपर, रोटावेटर, बेलर आदि यंत्रों का उपयोग कर फसल अवशेष का समुचित प्रबंधन करें। बिना एसएमएस अथवा निर्धारित यंत्रों के कम्बाईन हार्वेस्टर द्वारा कटाई किए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी तथा आवश्यक होने पर मशीन को जप्त करने हेतु थाना स्तर पर सूचना देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

नरवाई प्रबंधन जागरूकता अभियान के अंतर्गत कृषि विस्तार अधिकारी बलवंत चौहान द्वारा विकासखंड पिछोर के ग्राम गुरुकुदवाया, संजय माहौर एवं दिग्विजय सिंह द्वारा विकासखंड नरवर के ग्राम पनानैर तथा रविकांत लोधी सहित अन्य अधिकारियों द्वारा विकासखंड कोलारस के ग्राम गुढा, मानीपुरा, लिलवारा एवं लुकवासा में बैठकें आयोजित कर किसानों को नरवाई प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी गई।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म