शिवपुरी - ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सार्वजनिक उपयोग हेतु हैंडपंप पेयजल योजना (नवीन नलकूप खनन तथा हैंडपंप स्थापना) से संबंधित मामलों के परीक्षण के लिए शिवपुरी जिले में जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है।
जिले में विभिन्न माध्यमों से प्राप्त मांग एवं अनुशंसाओं के मामलों का परीक्षण यह समिति करेगी तथा शासन के प्रचलित मापदण्डों के आधार पर आवश्यकतानुसार कार्य कराए जाने की अनुशंसा करेगी। साथ ही एकल ग्राम नलजल योजना का स्त्रोत असफल होने की स्थिति में सफल स्त्रोत विकसित करने संबंधी कार्यों के लिए यह समिति गठित की गई है।
गठित समिति में जिला कलेक्टर को अध्यक्ष, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को उपाध्यक्ष तथा कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को सदस्य सचिव बनाया गया है। इसके अलावा कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग, जिला कृषि अधिकारी तथा महाप्रबंधक परियोजना क्रियान्वयन इकाई मध्यप्रदेश जल निगम को समिति का सदस्य नामांकित किया गया है।
