क्षेत्र में बढ़ती चोरी से लोग परेशान, अशोक होटल पिछोर तिराहे पर पुलिस चौकी की मांग तेज - Shivpuri



शिवपुरी - शिवपुरी जिले के दिनारा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। अशोक होटल पिछोर तिराहे पर बीते डेढ़ महीने से रात्रि के समय पुलिस व्यवस्था नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं।

गौ सेवक एवं गौ सेवा समिति के जिला अध्यक्ष कल्लू महाराज ने पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ से मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहा। उन्होंने बताया कि उनकी निजी गौशाला से गौवंश के लिए रखी गई सामग्री, तसले और लगभग 20 बाल्टियां चोरी हो गईं।

इसके अलावा अशोक होटल क्षेत्र में स्थित दुकानों को भी चोरों ने निशाना बनाया दुकानों से बल्ब और डोरियां चोरी कर ली गईं हालांकि, एक बड़ी चोरी की वारदात को वहां मौजूद कुत्तों ने विफल कर दिया, जिससे चोर दुकान का ताला तोड़ने में सफल नहीं हो सके।

चोरी से प्रभावित दुकानदारों में दीपक लोधी, धर्मेंद्र लोधी, बहादुर लोधी और दीपक तिवारी के नाम सामने आए हैं, जिनकी दुकानों से सामान चोरी हुआ है।

कल्लू महाराज सहित क्षेत्र के समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और गौ सेवकों ने एक स्वर में मांग की है कि अशोक होटल पिछोर तिराहे पर रात्रि के समय नियमित पुलिस बल तैनात किया जाए और स्थायी रूप से पुलिस चौकी स्थापित की जाए, ताकि क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।

उन्होंने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया जाए।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म