शक ने उजाड़ दिया हंसता-खेलता परिवार, पति ने कर दी पत्नी की हत्या - Shivpuri

शिवपुरी - शिवपुरी जिले के करैरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी के बाद एक 23 वर्षीय विवाहिता की उसके ही पति ने पहले मारपीट की और फिर गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के वक्त घर में देवर और देवरानी भी मौजूद थे, जिन्हें पुलिस ने सहआरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया है। दंपति का एक 4 साल का मासूम बेटा भी है।

5 साल पहले हुई थी शादी, लंबे समय से चल रहा था विवाद
मृतका नंदनी साहू की शादी करीब 5 साल पहले टीला रोड निवासी संदीप साहू से हुई थी। दोनों का एक 4 साल का बेटा है। बाहर से सामान्य दिखने वाले इस परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी पति संदीप साहू अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसके चलते दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते थे।


घटना से पहले भी हुआ था विवाद
घटना से दो दिन पहले भी दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि गुस्से में संदीप ने पत्नी का मोबाइल तोड़ दिया था। इस बात की जानकारी मिलने पर नंदनी के मायके वाले उसे समझाने के लिए ससुराल भी पहुंचे थे, लेकिन हालात नहीं सुधरे।

झगड़े के दौरान बढ़ा विवाद, मारपीट के बाद हत्या
घटना वाले दिन दोनों के बीच फिर कहासुनी शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि नंदनी घर छोड़कर जाने लगी। इस दौरान संदीप ने उसे रोकने की कोशिश की, जिससे दोनों के बीच हाथापाई हो गई। बताया जा रहा है कि नंदनी ने गुस्से में पति को थप्पड़ मार दिया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। इसके बाद गुस्से में बेकाबू हुए संदीप ने पहले पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर कमरे में बिस्तर पर दबोचकर उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान घर में देवर और देवरानी भी मौजूद थे।

शरीर पर संघर्ष के निशान, आरोपी ने खुद दी सूचना
परिजनों के अनुसार नंदनी के गले और चेहरे पर नाखून के कई निशान मिले हैं, जबकि पीठ पर भी चोट के निशान पाए गए। वहीं आरोपी पति के हाथों पर काटने के निशान थे, जिससे साफ है कि घटना के दौरान दोनों के बीच जोरदार संघर्ष हुआ। घटना के बाद आरोपी संदीप साहू ने खुद नंदनी के भाई मदन साहू को फोन कर हत्या की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां नंदनी का शव कमरे में पलंग पर पड़ा मिला। आरोपी ने परिजनों के सामने भी अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म