हजारों की संख्या में शिक्षकों ने टीईटी का विरोध और नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता देने की रखी मांग
बदरवास - टीईटी की अनिवार्यता का विरोध और नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता देने की मांग को लेकर अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा ने शनिवार को भोपाल में हजारों की संख्या में पहुंचकर जोरदार प्रदेश स्तरीय आंदोलन कर अपनी मांगों को उठाते हुए शीघ्र ही मांगो को पूर्ण करने की मांग उठाई तथा जून माह में आंदोलन को और अधिक जोरदारी से किया जाएगा शिक्षकों ने इस प्रदर्शन का नाम मुख्यमंत्री अनुरोध यात्रा दिया था।
प्रांतीय शिक्षक संघ के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोविन्द अवस्थी ने बताया कि टीईटी की अनिवार्यता का विरोध और नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता देने की मांग को लेकर अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा द्वारा 8 अप्रैल को जिला स्तर पर,11 अप्रैल को विकासखंड स्तर पर विरोध स्वरूप धरना रैली का आयोजन किया गया था।
शनिवार को भोपाल में प्रदेश स्तरीय आंदोलन धरना कार्यक्रम दशहरा मैदान में हुआ जहां प्रदेश भर से लगभग पचास हजार शिक्षकों ने सम्मिलित होकर अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाया और शासन को चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया तो आगामी समय में और ज्यादा असरदार किया जाएगा। शिवपुरी जिले से भी हजारों के संख्या में शिक्षकों ने गोविन्द अवस्थी, राजकुमार सरैया, स्नेह रघुवंशी, पवन अवस्थी, कपिल परिहार, नीरज सरैया, इरशाद कुरैशी, सुनील वर्मा, वेदप्रकाश शर्मा, अरविंद सरैया, मनोज शर्मा, भरत धाकड़, सुनील गुप्ता, भूपेंद्र रघुवंशी, परवेज खान, विक्रम व्यास के नेतृत्व में पहुंचकर कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दी।
अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के बैनर तले एकत्रित हुए सभी शिक्षक संगठनों के प्रांताध्यक्षों ने एकसुर में बोलते हुए कहा कि शासन हमें आंदोलन को मजबूर कर रही है और शिक्षक जैसे गरिमामयी पद पर टीईटी अनिवार्यता कर उनकी प्रतिष्ठा पर प्रश्न चिन्ह लगाया जा रहा है साथ ही पंद्रह, बीस वर्ष की सेवा की गणना को शून्य कर शिक्षकों के प्रति अन्याय हो रहा है इसलिए नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता दी जाए और टीईटी अनिवार्यता आदेश को निरस्त किया जाए।
कार्यक्रम को अध्यापक शिक्षक संगठनों के प्रांताध्यक्ष मनोहर दुबे, जगदीश यादव, राकेश दुबे, भरत पटेल, राकेश नायक, शिल्पी शिवान, सत्येंद्र तिवारी सहित अन्य वक्ताओं ने लगभग पचास हजार की संख्या में उपस्थित शिक्षकों को संबोधित किया।
