मध्यप्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे में शनिवार शाम बड़ा अपडेट सामने आया है गोताखोरों ने शाम छह बजे के आसपास दो शवों को बरामद किया है। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।
जारी है सर्च ऑपरेशन
लापता लोगों की तलाश के लिए शनिवार सुबह से ही सर्च अभियान चलाया जा रहा था। राहत और बचाव दल लगातार डैम के विभिन्न हिस्सों में तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब अभी भी दो लोग लापता हैं।
मौसम बना बड़ी चुनौती
दोपहर के समय अचानक मौसम खराब होने से सर्च ऑपरेशन प्रभावित हुआ। तेज आंधी और हवाओं के कारण डैम में ऊंची लहरें उठने लगीं, जिससे गोताखोरों को बार-बार अपना अभियान रोकना पड़ा। खराब मौसम के चलते राहत कार्य में लगातार दिक्कतें आ रही हैं।
सीएम के निर्देश पर पायलट समेत तीन कर्मचारी बर्खास्त
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पायलट समेत तीन कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है। इस दौरान सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा कि जबलपुर में बरगी जलाशय में हुए दुखद क्रूज हादसे में लापरवाही के मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की गई है क्रूज पायलट महेश पटेल, क्रूज हेल्पर छोटेलाल गोंड एवं टिकट काउंटर प्रभारी (FOA) बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त की गई हैं।
साथी ही होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को कार्य में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित किया गया है जबकि रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर विभागीय जांच संस्थित की गई है दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए शासन हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।