कोलारस - अखिल भारतीय लोधी लोधा लोध अधिकारी कर्मचारी संघ (आलोक) की सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जगाई अलख अब रंग ला रही है कोलारस परगना क्षेत्र के बदरवास ब्लॉक के ग्राम बारौद निवासी और आईटीबीपी में कार्यरत आलोक संघ के सक्रिय सदस्य सुखवीर सिंह लोधी ने परिवार के मुखिया के नाते अपनी भातृवधू पिंकी लोधी के असामयिक निधन के बाद मृत्यु भोज न करने का निर्णय लिया और इसके स्थान पर ग्राम के स्कूल में लाइब्रेरी स्थापित करने का संकल्प लिया।
दिवंगत पिंकी लोधी पत्नी विनोद लोधी अतिथि शिक्षक के रूप में खतौरा में कार्यरत थीं और हाल ही में 17 मई को अचानक स्वास्थ्य खराब होने से उनका असामयिक निधन हो गया उक्त जानकारी देते हुए आलोक संघ शिवपुरी के जिला संयोजक सुरेन्द्र सिंह लोधी ने बताया कि आलोक संघ छात्र मार्गदर्शन, कैरियर काउंसलिंग, नवोदय जागृति अभियान जैसी शैक्षिक गतिविधियों के साथ साथ सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन की दिशा में भी कार्य कर रहा है! ताकि सामाजिक कुरीतियों पर होने वाले व्यय को शिक्षा की ओर मोड़कर समाज में क्रांतिकारी बदलाव का वाहक बनाया जा सके।
आलोक संघ की ओर से ग्राम बारौद में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में स्वर्गीय पिंकी लोधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि जी गई और संगठन की ओर से मृत्यु भोज न करने के परिजनों के साहसिक निर्णय को सराहकर इसके लिए संघ की ओर से आभार भी जताया गया! परिवार के इस निर्णय व शिक्षा हितैषी कार्य की सर्वत्र सराहना की जा रही है।
सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के बारे में सबसे बड़ी भूमिका जागरूक बुद्धिजीवी वर्ग, संपन्न वर्ग की है ; वह सामाजिक रीति रिवाजों में दिखावा, प्रदर्शन का त्याग करे, कुरीतियों का बहिष्कार करे और समाज में सकारात्मक संदेश दे तो बदलाव की बयार और तेज होगी।
Tags
Kolaras