कोलारस - कोलारस जनपद पंचायत अंतर्गत जनभागीदारी सबसे पहले सबसे दूर अभियान के तहत ग्राम पंचायत सिंघराई के ग्राम गुगवारा स्थित आदि सेवा केंद्र में जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया शिविर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा स्वयं उपस्थित होकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल समस्या, संबल योजना, पेंशन योजना, आहार अनुदान सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में प्राप्त 20 से अधिक आवेदनों में से जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव था, उनका मौके पर ही निराकरण किया गया इससे ग्रामीणों में संतोष एवं प्रशासन के प्रति विश्वास देखने को मिला।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश शाक्य ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ शीघ्र प्राप्त हो सके।
शिविर में जनपद स्तरीय प्रशासनिक अमला, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे अभियान का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित कर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
ग्रामीणों ने प्रशासन द्वारा गांव पहुंचकर समस्याएं सुनने एवं मौके पर समाधान करने की पहल की सराहना करते हुए इसे जनहितकारी कदम बताया।
Tags
Kolaras