शिवपुरी - जनगणना कार्य में संलग्न शिक्षक एवं प्रगणक स्वर्गीय दिनेश नरवरिया की सड़क दुर्घटना में दुखद मृत्यु पर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण का परिचय देते हुए उनके परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है।
उल्लेखनीय है कि जिले में जनगणना 2027 का कार्य प्रगति पर है, जिसके अंतर्गत शिक्षक प्रगणक के रूप में घर-घर जाकर जनगणना संबंधी दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। इसी क्रम में शिक्षक दिनेश नरवरिया जनगणना ड्यूटी हेतु जा रहे थे। इस दौरान सतनवाड़ा के समीप हाईवे पर एक वाहन की टक्कर से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के उपरांत घायल शिक्षक को प्राथमिक उपचार हेतु सतनवाड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर सिर की चोट को देखते हुए तत्काल मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार प्रारंभ करते हुए जिला प्रशासन की उपलब्ध एंबुलेंस से उन्हें तत्काल ग्वालियर मेडिकल कॉलेज ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उपचार के दौरान रात्रि में उनका निधन हो गया।
घटना की जानकारी प्राप्त होते ही कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने जिला शिक्षा अधिकारी से जानकारी प्राप्त कर मृतक शिक्षक के परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन द्वारा सहायता राशि उपलब्ध करा दी गई है।
शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे एडीएम
कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन में अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला ने दिवंगत शिक्षक के निवास पहुंचकर उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने मृतक शिक्षक के पुत्र को 50 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक भी सौंपा। जिला प्रशासन ने दिवंगत शिक्षक के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है।
Tags
Shivpuri