कृषि एवं संबंधित विभागों की समीक्षा में दिए निर्देश
शिवपुरी - शिवपुरी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज की अध्यक्षता में खरीफ 2026 की तैयारी एवं रबी 2025-26 को लेकर कृषि एवं संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई बैठक में कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य, कृषि अभियांत्रिकी, मार्कफेड, बीज निगम विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।
सीईओ जिला पंचायत द्वारा निर्देश दिए गए कि किसानों को खरीफ सीजन हेतु समय पर खाद, बीज एवं कृषि आदान उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। जिला विपणन अधिकारी को उर्वरकों के भंडारण एवं वितरण की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा समितियों के माध्यम से किसानों को समय पर सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
कृषि विभाग को खरीफ 2026 में बोनी की जाने वाली फसलों के रकबा एवं बीज उपलब्धता तथा उत्पादन से संबंधित अग्रिम तैयारी, किसान पंजीयन, एवं ई-विकास प्रणाली तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु निर्देशित किया गया। उद्यानिकी विभाग को उद्यानिकी फसलों के रकबे में वृद्धि एवं सूक्ष्म सिंचाई योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
पशुपालन विभाग को पशुओं के टीकाकरण अभियान एवं जिले में संचालित गौशालाओं पर चर्चा मत्स्य विभाग को मत्स्य उत्पादन बढ़ाने एवं जिले में लीज पर तालाबों की स्थिति और मत्स्य पालन करने वाले कृषकों के के.सी.सी लक्ष्य पूर्ति के निर्देश दिए।
कृषि अभियांत्रिकी विभाग को नरवाई प्रबंधन अंतर्गत कृषि यंत्रों सुपर सीडर, हैप्पी सीडर अनुदान पर वितरण के निर्देश दिए गए। वहीं मार्कफेड एवं बीज निगम को गुणवत्तायुक्त प्रमाणित बीजों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु कहा गया।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा खरीफ 2026 की सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
Tags
Shivpuri